1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मुंबई में मूसलाधार बारिश बनी आफत! 17 फ्लाइट्स हुईं कैंसिल, 365 उड़ानें घंटों लेट

मुंबई में मूसलाधार बारिश बनी आफत! 17 फ्लाइट्स हुईं कैंसिल, 365 उड़ानें घंटों लेट

 Written By: Saket Rai Edited By: Shivendra Singh
 Published : Jul 06, 2026 05:59 pm IST,  Updated : Jul 06, 2026 06:42 pm IST

सपनों की नगरी मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब आम जनजीवन के साथ-साथ हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी आफत बन चुकी है। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को भारी बारिश और कम विजिबिलिटी के कारण विमानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

मुंबई में मूसलाधार...- India TV Hindi
मुंबई में मूसलाधार बारिश से कई उड़ानें रद्द और अन्य कई चल रहीं लेट Image Source : ANI/CANVA

मुंबई में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश का असर अब हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है। भारी बारिश और खराब मौसम की वजह से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। रविवार को रात 12 बजे से सोमवार देर शाम 5 बजे तक 17 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 365 फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं। इससे हजारों यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा और कई लोगों की यात्रा योजनाएं भी प्रभावित हुईं।

फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म के अनुसार, खराब मौसम के कारण कुल 17 उड़ानें रद्द हुईं और 5 उड़ानों का रूट बदलकर दूसरे शहरों के एयरपोर्ट पर उतारा गया। इनमें कुछ घरेलू और कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल थीं। मौसम खराब होने के कारण विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ में दिक्कतें आईं।

इंडिगो और आकासा एयर ने जारी की एडवाइजरी

भारी बारिश को देखते हुए इंडिगो और आकासा एयर ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की। दोनों एयरलाइनों ने कहा कि मुंबई के साथ-साथ पुणे और गोवा की उड़ानें भी प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करने की अपील की है।

कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी हुईं प्रभावित

खराब मौसम का असर सिर्फ घरेलू उड़ानों तक सीमित नहीं रहा। आकासा एयर ने कुवैत और दोहा से आने वाली कुछ उड़ानें तथा कुवैत जाने वाली उड़ान भी रद्द कर दी। वहीं, इंडिगो की रायपुर जाने वाली फ्लाइट को हैदराबाद डायवर्ट किया गया। दिल्ली-मुंबई और सिंगापुर-मुंबई की उड़ानों को अहमदाबाद भेजा गया, जबकि एयर इंडिया की कोलकाता से मुंबई आने वाली फ्लाइट को वडोदरा में उतारना पड़ा।

घंटों लेट हुईं सैकड़ों उड़ानें

बारिश के कारण एयरपोर्ट पर उड़ानों का शेड्यूल पूरी तरह बिगड़ गया। औसतन रवाना होने वाली फ्लाइट्स करीब 72 मिनट की देरी से चलीं और लगभग 89 फीसदी उड़ानें तय समय से लेट रहीं। वहीं, आने वाली उड़ानों में भी औसतन 46 मिनट की देरी दर्ज की गई और 84 फीसदी फ्लाइट्स निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सकीं।

यात्रियों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने अगले कुछ समय तक मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में अगर आपकी उड़ान मुंबई से है या मुंबई होकर गुजरती है, तो एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर फ्लाइट स्टेटस जरूर जांच लें। इससे अनावश्यक परेशानी और इंतजार से बचा जा सकता है।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में भारी बारिश के बीच भूस्खलन, रेलवे ने कैंसिल की कई ट्रेनें, कई गाड़ियों के रूट बदले

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा