1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नवी मुंबई एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए तैयार, 15 जुलाई से उड़ान भर सकेंगी इंटरनेशनल फ्लाइट्स! यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

नवी मुंबई एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए तैयार, 15 जुलाई से उड़ान भर सकेंगी इंटरनेशनल फ्लाइट्स! यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jun 17, 2026 02:35 pm IST,  Updated : Jun 17, 2026 02:35 pm IST

मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत का रास्ता लगभग साफ हो गया है। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, 15 जुलाई से यहां से इंटरनेशनल यात्री और कार्गो सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है।

नवी मुंबई एयरपोर्ट से...- India TV Hindi
नवी मुंबई एयरपोर्ट से शुरू होंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें Image Source : CANVA

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है। एयरपोर्ट मैनेजमेंट के अनुसार, 15 जुलाई 2026 से यहां से इंटरनेशनल यात्री और कार्गो सेवाएं शुरू की जा सकती हैं। इससे मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NMIAL) के सीईओ बीवीजेके शर्मा ने बताया कि 15 जुलाई से अंतरराष्ट्रीय कार्गो और फ्रीटर ऑपरेशंस शुरू करने की तैयारी है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों की शुरुआत भी इसी तारीख से होने की उम्मीद जताई जा रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो जैसी प्रमुख एयरलाइंस यहां से अंतरराष्ट्रीय सेवाएं संचालित कर सकती हैं।

कस्टम और अन्य मंजूरियों की प्रक्रिया अंतिम चरण में

एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय संचालन के लिए जरूरी सरकारी और कस्टम मंजूरियां लगभग मिल चुकी हैं। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) के अधिकारियों ने हाल ही में एयरपोर्ट की तैयारियों का निरीक्षण किया है। कस्टम, कार्गो और कूरियर संचालन से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जुलाई की शुरुआत में अंतिम व्यापारिक अधिसूचना जारी की जा सकती है।

यात्रियों की संख्या में होगा बड़ा इजाफा

नवी मुंबई एयरपोर्ट ने पिछले साल दिसंबर से घरेलू उड़ानों का संचालन शुरू किया था। वर्तमान में यहां रोजाना लगभग 20,000 यात्री और 150 विमान आवागमन (आगमन और प्रस्थान) दर्ज किए जा रहे हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन का अनुमान है कि साल के अंत तक यह संख्या बढ़कर 50,000 यात्रियों प्रतिदिन और 380 एयर ट्रैफिक मूवमेंट तक पहुंच सकती है।

मुंबई एयरपोर्ट पर दबाव होगा कम

नवी मुंबई एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय संचालन शुरू होने से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्री दबाव कम होगा। आपको बता दें कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को हाल ही में ‘प्रिक्स वर्साय: दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट 2026’ की लिस्ट में भी जगह मिली है। इस लिस्ट में जर्मनी, अमेरिका, चीन और कंबोडिया के प्रमुख एयरपोर्ट्स भी शामिल हैं।

दिसंबर 2025 में शुरू हुईं थी कमर्शियल उड़ानें

आपको बता दें कि पिछले साल 25 दिसंबर से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानें शुरू हुई थी। अब यहां रोजाना 150 विमानों का आगमन और प्रस्थान होता है।

यह भी पढ़ें- अकासा एयर ने मुंबई और नोएडा के बीच शुरू की फ्लाइट, नवी मुंबई एयरपोर्ट के लिए मिलेगी सेवाएं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा