1 अक्टूबर से घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ पाने के लिए बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण (BAA) कराना अनिवार्य हो जाएगा। अगर कोई उपभोक्ता अपने कनेक्शन के लिए बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण नहीं कराता है, उसे 1 अक्टूबर से की जाने वाली नई एलपीजी की बुकिंग पर सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शनिवार को इस पूरे मामले पर जानकारी साझा की है।
क्यों जरूरी है बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण
बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण से ये सुनिश्चित होता है कि सब्सिडी वाला एलपीजी सिलेंडर सिर्फ योग्य परिवारों तक पहुंचे। प्रत्येक कनेक्शन को आधार-प्रमाणित उपभोक्ता से जोड़ने से सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का कमर्शियल और इंडस्ट्रियल इस्तेमाल के लिए डायवर्जन रोकने में मदद मिलती है, डुप्लीकेट और अयोग्य कनेक्शन को हटाए जाने में भी मदद मिलती है और सब्सिडी पहुंचाने का तरीका पारदर्शी और सही लोगों तक पहुंचने वाला बनता है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य किसी भी वास्तविक और योग्य परिवार को एलपीजी से वंचित करना नहीं है और प्रत्येक योग्य उपभोक्ता इसे कई आसान तरीकों से पूरा कर सकते हैं।
1 अक्टूबर से क्या बदलाव होंगे
- जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पूरा कर लिया है, उन्हें इसे दोबारा करने की जरूरत नहीं है। उनको पहले की तरह ही एलपीजी सिलेंडर मिलते रहेंगे।
- जिन उपभोक्ताओं ने बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पूरा नहीं किया है, उनके लिए प्रमाणीकरण पूरा होने के बाद सब्सिडी के साथ रिफिल बुकिंग शुरू हो जाएगी।
बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण कैसे करें
- रिफिल डिलीवरी के दौरान: डिलीवरी करने वाला व्यक्ति ओएमसी मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करके मौके पर ही प्रमाणीकरण पूरा कर सकता है।
- डिस्ट्रीब्यूटर के ऑफिस पर: उपभोक्ता अपने एलपीजी वितरक के पास जाकर वहां प्रमाणीकरण पूरा कर सकते हैं।
- कंपनी के मोबाइल ऐप पर: उपभोक्ता घर बैठे खुद अपने डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी के मोबाइल ऐप पर ये प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
- इंडेन उपभोक्ताओं के लिए IndianOil ONE App
- भारत गैस उपभोक्ताओं के लिए HelloBPCL App
- एचपी गैस उपभोक्ताओं के लिए HP PAY App
खुद से ई-केवाईसी पूरा करने के बारे में वीडियो ट्यूटोरियल PMUY पोर्टल पर उपलब्ध है।
89.9 प्रतिशत उपभोक्ता पूरा कर चुके हैं बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण
19 सितंबर 2026 तक, 27.43 करोड़ एक्टिव डोमेस्टिक एलपीजी कंज्यूमर ने बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पूरा कर लिया है, जो 89.9 प्रतिशत कवरेज है। उपभोक्ताओं से पहले 30 जून 2026 तक बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पूरा करने के लिए कहा गया था। ग्राहकों को ज्यादा समय देने के लिए समय-सीमा कई बार- 31 जुलाई, 7 अगस्त, 15 अगस्त, 23 अगस्त, 31 अगस्त, 7 सितंबर और अंत में 14 सितंबर 2026 तक बढ़ाई गई।
BAA पूरा करने के लिए अक्टूबर 2023 से ही चलाया जा रहा है अभियान
अक्टूबर 2023 से, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने देशव्यापी आउटरीच अभियान चलाया है। 12 करोड़ से ज्यादा एसएमएस और वॉट्सएप मैसेद भेजे गए हैं। वितरकों और डिलीवरी कर्मचारियों ने उन उपभोक्ताओं से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया है, जिन्होंने अभी तक प्रमाणीकरण नहीं कराया है। डिस्ट्रीब्यूटर की दुकान, ज्यादा लोगों के आने-जाने वाले स्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में खास कैंप आयोजित किए गए हैं।
ये भी पढ़ें