1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू होने की आ गई तारीख, IndiGo की होगी पहली उड़ान

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू होने की आ गई तारीख, IndiGo की होगी पहली उड़ान

 Reported By: Sanjay Sah Edited By: Sourabha Suman
 Published : May 01, 2026 04:27 pm IST,  Updated : May 01, 2026 04:43 pm IST

एयरपोर्ट ऑपरेटर ने कहा कि उड़ानों के शेड्यूल, गंतव्य और यात्री सुविधाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द जारी की जाएगी।

एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाकर 7 करोड़ से अधिक यात्रियों को संभालने की योजना है।- India TV Hindi
एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाकर 7 करोड़ से अधिक यात्रियों को संभालने की योजना है। Image Source : ANI

उत्तर प्रदेश के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून 2026 से उड़ान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं, जो क्षेत्र के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा। दिल्ली के पास स्थित जेवर में विकसित यह अत्याधुनिक एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर के बढ़ते हवाई यातायात को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और यात्रियों को नई सुविधाएं व बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। एयरपोर्ट ऑपरेटर द्वारा जारी बयान के अनुसार, IndiGo यहां से पहली यात्री उड़ान संचालित करेगा। इसके बाद जल्द ही Akasa Air और Air India Express भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगी। यह संचालन पीएम मोदी द्वारा एयरपोर्ट के उद्घाटन और नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो से एयरोड्रोम सिक्योरिटी प्रोग्राम (ASP) की मंजूरी मिलने के बाद शुरू हो रहा है। यह मंजूरी इस बात की पुष्टि करती है कि एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था, सिस्टम और संचालन प्रक्रियाएं सभी नियामकीय मानकों के मुताबिक हैं।

एयरपोर्ट में आधुनिक सुविधाएं हैं मौजूद

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवाई यात्रा की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए विकसित किए गए इस एयरपोर्ट में आधुनिक टर्मिनल इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल संचालन और मल्टीमोडल कनेक्टिविटी की सुविधा दी गई है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सहज अनुभव प्रदान करना और एयरलाइनों को किफायती व भरोसेमंद संचालन सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अधिकारियों के अनुसार, कमर्शियल संचालन की शुरुआत से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक विकास, व्यापार, पर्यटन व निवेश को गति मिलेगी।

प्रमुख घरेलू और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से जुड़ेगा एयरपोर्ट

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IATA कोड: DXN) दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को प्रमुख घरेलू और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से जोड़ेगा। फिलहाल यहां एक रनवे और एक पैसेंजर टर्मिनल है, जिसकी सालाना क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की है। दीर्घकालिक मास्टर प्लान के तहत, कंसेशन अवधि के दौरान चरणबद्ध तरीके से इसकी क्षमता बढ़ाकर 7 करोड़ से अधिक यात्रियों को संभालने की योजना है। बयान में इसे “वर्ल्ड-क्लास एयरपोर्ट” बताते हुए कहा गया है कि यह स्विस दक्षता और भारतीय आतिथ्य का अनूठा संगम होगा, जहां यात्रियों को विविध सेवाएं और व्यावसायिक सुविधाएं मिलेंगी। एनआईए ने पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वह सतत डिजाइन और जिम्मेदार संचालन के जरिए नेट-जीरो उत्सर्जन हासिल करने के लक्ष्य पर काम कर रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा