देश में सोने की खरीदारी का तरीका तेजी से बदल रहा है। पहले लोग आभूषण खरीदने के लिए अपने भरोसेमंद स्थानीय सुनार के पास जाते थे, लेकिन अब ये काम एक क्लिक पर ऑनलाइन हो रहा है। भारत में सोने और हीरे से लोगों का पुराना जुड़ाव है। अब इस क्षेत्र में डिजिटल बाजार की पैठ तेजी से बढ़ रही है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर हॉलमार्क सर्टिफिकेशन, ब्रांड की गारंटी और बेहतर सर्विस के कारण लोग ऑनलाइन ज्यूलरी खरीदने में भरोसा दिखा रहे हैं।
ऑफलाइन स्टोर से खरीदारी कर रहे हैं 53 प्रतिशत ग्राहक
फिक्की-डेलॉयट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 73 प्रतिशत लोग अब किसी भी चीज की जानकारी सबसे पहले ऑनलाइन ही लेते हैं, यहां तक की आभूषण के लिए भी। हालांकि, 53 प्रतिशत ग्राहक अब भी आखिरी खरीदारी ऑफलाइन स्टोर से करते हैं, लेकिन ये रुझान तेजी से बदल रहा है।
साल 2030 तक ये 146 अरब डॉलर का हो सकता है आभूषण बाजार
देश में आभूषणों का बाजार साल 2025 तक 91 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है और साल 2030 तक ये 146 अरब डॉलर का हो सकता है। इस तेजी में इंटरनेट के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन बिक्री की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी। अमेजन इंडिया के फैशन और सौंदर्य विभाग के निदेशक सिद्धार्थ भगत के अनुसार अमेजन पर कीमती गहनों की बिक्री में पिछले साल की तुलना में 96 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसमें सोने, हीरे और लैब में बनाए गए हीरों के गहने भी शामिल हैं।
अमेजन पर कीमती गहनों की बिक्री 96 प्रतिशत बढ़ी
सिद्धार्थ भगत ने पीटीआई को बताया, ‘‘पिछले कुछ सालों में हमने देखा है कि ग्राहक अब अमेजन फैशन पर गहने चुनने और खरीदने के तरीके में बदलाव ला रहे हैं। पहले लोग अचानक या खास मौकों पर ही खरीदारी करते थे, लेकिन अब वे ज्यादा जानकारी लेकर, विश्वास के साथ फैसले ले रहे हैं। धनतेरस से पहले कीमती गहनों की बिक्री पिछले साल की तुलना में 96 प्रतिशत बढ़ी है।’’
युवाओं को काफी पसंद आ रहा है ऑनलाइन प्लेटफॉर्म
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) की उपाध्यक्ष अक्ष कंबोज ने कहा कि अब लोग रोजमर्रा के पहनने योग्य हल्के गहनों की खरीदारी के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। खासतौर से युवा वर्ग, जो तकनीक का अच्छा उपयोग करता है, उसे ये सुविधा ज्यादा पसंद आ रही है।