1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Patna Metro: बिहार को मिली पहली मेट्रो रेल, कल से कर सकेंगे सफर- चेक करें किराया, रूट और टाइमिंग्स

Patna Metro: बिहार को मिली पहली मेट्रो रेल, कल से कर सकेंगे सफर- चेक करें किराया, रूट और टाइमिंग्स

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 06, 2025 01:23 pm IST,  Updated : Oct 06, 2025 01:23 pm IST

पटना मेट्रो के पहले चरण के उद्घाटन के अलावा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना जंक्शन समेत 6 अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों और 9.35 किलोमीटर लंबी सुरंग का भी शिलान्यास किया।

patna, patna metro, patna metro route, patna metro timings, patna metro fare, bihar, bihar metro, pa- India TV Hindi
पटना मेट्रो के पहले चरण में होंगे कुल 12 स्टेशन Image Source : PTI

Patna Metro: बिहार की राजधानी पटना में रहने वाले करोड़ों लोगों का सपना आखिरकार आज पूरा हो ही गया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के 3.6 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच का उद्घाटन कर दिया। ये स्ट्रेच पूरी तरह से एलिवेटेड है और इस पर कुल 3 स्टेशन- पाटलिपुत्र आईएसबीटी, जीरो माइल और भूतनाथ रोड बनाए गए हैं। पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के पहले चरण के उद्घाटन के बाद अब आम यात्री मंगलवार, 7 अक्टूबर से अपने शहर में मेट्रो की सवारी कर सकेंगे। पटना मेट्रो फिलहाल 3 डिब्बों के साथ ही चलाई जाएगी।

138 यात्रियों के बैठने की क्षमता

पटना मेट्रो के पहले चरण के उद्घाटन के अलावा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना जंक्शन समेत 6 अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों और 9.35 किलोमीटर लंबी सुरंग का भी शिलान्यास किया। 3 डिब्बों वाली पटना मेट्रो ट्रेन में लगभग 138 यात्री बैठ सकते हैं और प्रत्येक ट्रिप में 945 यात्री खड़े होकर यात्रा कर सकते हैं। पटना मेट्रो की मदद से शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में काफी राहत मिलेगी और ट्रैफिक भी कम होगा। सबसे बड़ी बात, अब पटना के लोग अपनी खुद की मेट्रो में सफर कर सकेंगे।

पटना मेट्रो के पहले चरण में होंगे कुल 12 स्टेशन

आईएसबीटी-भूतनाथ रोड स्ट्रेच, पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के ब्लू लाइन पर स्थित है। ब्लू लाइन का पहला स्टेशन पटना जंक्शन होगा तो इसका आखिरी स्टेशन नया आईएसबीटी होगा। ब्लू लाइन पर 5 एलिवेटेड और 7 अंडग्राउंड स्टेशनों सहित कुल 12 स्टेशन होंगे, पटना जंक्शन से लेकर नए आईएसबीटी तक कुल 16.2 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। इन स्टेशनों में पटना जंक्शन, आकाशवाणी, गांधी मैदान, पीएमसीएच, पटना विश्वविद्यालय, मोइन उल हक स्टेडियम, राजेंद्र नगर, मलाही पकरी, खेमनी चक, भूतनाथ, जीरो माइल और नया आईएसबीटी शामिल हैं।

पटना मेट्रो टिकट की कीमत और समय

पटना मेट्रो का किराया 15 रुपये से 30 रुपये के बीच तय किया गया है। आईएसबीटी से जीरो माइल तक यात्रा करने पर 15 रुपये लगेंगे, जबकि नए आईएसबीटी से भूतनाथ मेट्रो स्टेशन तक का किराया 30 रुपये होगा। पटना मेट्रो रोजाना सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी। यात्रियों को हर 20 मिनट में ट्रेनें मिलेंगी। प्रत्येक ट्रेन में महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए 12 सीटें रिजर्व होंगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा