1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. जेवर एयरपोर्ट का जलवा! यमुना एक्सप्रेसवे पर 5 साल में प्लॉट 536% तक और फ्लैट इतने हुए महंगे

जेवर एयरपोर्ट का जलवा! यमुना एक्सप्रेसवे पर 5 साल में प्लॉट 536% तक और फ्लैट इतने हुए महंगे

 Published : Sep 25, 2025 01:47 pm IST,  Updated : Sep 25, 2025 01:49 pm IST

नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में आगामी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की घोषणा और निर्माण के चलते रियल एस्टेट मार्केट में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। बीते 5 साल में प्लॉट की कीमतें 6 गुना और फ्लैट की कीमतें 2.5 गुना बढ़ीं।

बेहतर कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास ने भी प्रॉपर्टी की कीमतों को आसमान छूने में मदद की है।- India TV Hindi
बेहतर कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास ने भी प्रॉपर्टी की कीमतों को आसमान छूने में मदद की है। Image Source : ऑफिशियल वेबसाइट

नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (जेवर एयरपोर्ट) यमुना एक्सप्रेसवे को रियल एस्टेट का हॉटस्पॉट बना रहा है। प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी इन्वेस्टोएक्सपर्ट की एक नई रिपोर्ट 'रियलएक्स स्टैट्स' के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में इस कॉरिडोर पर संपत्ति की कीमतों में रिकॉर्ड तोड़ उछाल आया है। जहां, फ्लैट की कीमतों में 158 प्रतिशत की उछाल आई है, वहीं प्लॉट (जमीन) की कीमतों में 536 प्रतिशत की धमाकेदार बढ़ोतरी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि एयरपोर्ट के बनने से यमुना एक्सप्रेसवे पर आवासीय और वाणिज्यिक संपत्तियों की मांग में वृद्धि हुई है, जिससे निवेशकों और घर खरीदने वालों का रुझान इस इलाके की ओर बढ़ा है। इसके अलावा, बेहतर कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास ने भी प्रॉपर्टी की कीमतों को आसमान छूने में मदद की है।

कीमतों में बंपर उछाल

हिन्दुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, प्लॉट/जमीन के टुकड़ों की औसत कीमतों में जबरदस्त वृद्धि हुई है। ये कीमतें 2020 में ₹1,650 प्रति वर्ग फुट से बढ़कर 2025 में ₹10,500 प्रति वर्ग फुट हो गईं। इसी तरह, अपार्टमेंट की औसत कीमतों में भी भारी वृद्धि दर्ज की गई है। ये कीमतें 2020 में ₹3,950 प्रति वर्ग फुट से बढ़कर 2025 में ₹10,200 प्रति वर्ग फुट हो गईं। यह अभूतपूर्व वृद्धि मुख्य रूप से जेवर में आगामी नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की वजह से हुई है। आपको बता दें, हवाई अड्डे का उद्घाटन 30 अक्टूबर को होना है और 45 दिनों के भीतर वाणिज्यिक उड़ानें शुरू हो सकती हैं।

एक्सपर्ट का क्या है कहना

रियल एस्टेट विशेषज्ञों का मानना है कि हवाई अड्डा एक प्रमुख आर्थिक उत्प्रेरक साबित होगा, जिससे न केवल आवासीय बल्कि वाणिज्यिक, औद्योगिक, खुदरा और लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों में भी मांग बढ़ेगी। इन्वेस्टोएक्सपर्ट एडवाइजर्स के एमडी, विशाल रहेजा के अनुसार, यह कॉरिडोर अब एनसीआर का सबसे गतिशील रियल एस्टेट कॉरिडोर बन गया है। प्लॉट की कीमतों में आया उछाल जेवर हवाई अड्डे और यूईआर-II एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं की परिवर्तनकारी क्षमता पर निवेशकों के मजबूत विश्वास को दर्शाता है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वाईईआईडीए के औद्योगिक टाउनशिप, लॉजिस्टिक्स पार्क और प्रस्तावित फिल्म सिटी इस क्षेत्र की पूरी क्षमता को उजागर करने के लिए तैयार हैं। कुल मिलाकर यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र अब सिर्फ विकास का साक्षी नहीं बन रहा है, बल्कि एनसीआर रियल एस्टेट के भविष्य को आकार दे रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा