1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सबसे तेज बढ़ती इकॉनमी से लेकर 25 करोड़ लोगों की गरीबी दूर होने तक... राष्ट्रपति से जानिए 10 साल में क्या हुआ

सबसे तेज बढ़ती इकॉनमी से लेकर 25 करोड़ लोगों की गरीबी दूर होने तक... राष्ट्रपति से जानिए 10 साल में क्या हुआ

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Jan 31, 2024 01:12 pm IST,  Updated : Jan 31, 2024 01:13 pm IST

बजट सत्र की शुरुआत में अपने संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बताया कि सरकार के एक दशक के कार्यकाल में करीब 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले हैं।

राष्ट्रपति का बजट भाषण- India TV Hindi
राष्ट्रपति का बजट भाषण Image Source : FILE

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन के साथ ही बुधवार से बजट सत्र की शुरुआत हो गई है। अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने सरकार की कई योजनाओं का जिक्र किया। इनमें मुद्रा योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, 14 सेक्टर्स में  PLI योजनाएं, उड़ान योजना, मेक इन इंडिया, अटल इनोवेशन मिशन, डिजिटल इंडिया और पीएम किसान सहित कई योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का ग्रीन एनर्जी पर बड़ा फोकस है। सरकार ग्रीन मोबिलिटी को बहुत प्रोत्साहन दे रही है। आइए जानते हैं राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में क्या क्या कहा।

दुनिया में संकटों के बीच तेजी से बढ़ रहा भारत

राष्ट्रपति ने कहा, 'दुनिया में गंभीर संकटों के बीच भारत सबसे तेजी से विकसित होती बड़ी अर्थव्यवस्था बना। लगातार 2 तिमाही में भारत की विकास दर 7.5 फीसदी से ऊपर रही है। हमने भारत को फ्रैजाइल फाइव से निकालकर, टॉप 5 इकोनॉमीज में शामिल होते देखा है। भारत का निर्यात करीब 450 अरब डॉलर से बढ़कर 775 अरब डॉलर से अधिक हो गया है। पहले की तुलना में एफडीआई दोगुना हुआ है। खादी और ग्रामोद्योग के उत्पादों की बिक्री में 4 गुना से अधिक की वृद्धि हुई है।' उन्होंने कहा, 'डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन अधिनियम से डिजिटल स्पेस और सुरक्षित होने वाला है। मेरी सरकार ने वन रैंक वन पेंशन को भी लागू किया, जिसका इंतजार चार दशकों से था। OROP लागू होने के बाद अब तक पूर्व सैनिकों को लगभग 1 लाख करोड़ रुपये मिल चुके हैं।' 

25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले

उन्होंने कहा, 'नीति आयोग के अनुसार, मेरी सरकार के एक दशक के कार्यकाल में करीब 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले हैं। यह प्रत्येक गरीब में नया विश्वास जगाने वाली बात है। जब 25 करोड़ लोगों की गरीबी दूर हो सकती है, तो उसकी भी गरीबी दूर हो सकती है। बीते दशक में मेरी सरकार ने सुशासन और पारदर्शिता को हर व्यवस्था का मुख्य आधार बनया है। इस दौरान देश को इनसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड मिला है। देश को जीएसटी के रूप में एक देश एक टैक्स कानून मिला है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में लगातार सुधार हो रहा है। बीते कुछ वर्षों में 40 हजार से ज्यादा कंप्लायंसेज हटाए या सरल किये गए। कंपनीज एक्ट तथा लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप एक्ट में 63 प्रावधानों को अपराध की सूची से बाहर किया गया।'

देश में बनेंगे बड़े हवाई जहाज

उन्होंने कहा कि सरकार का ग्रीन एनर्जी पर बड़ा फोकस है। सरकार ग्रीन मोबिलिटी को बहुत प्रोत्साहन दे रही है। उन्होंने कहा, 'बीते कुछ वर्षों में ही देश में लाखों इलेक्ट्रिक वाहनों का निर्माण हुआ है। अब तो हम भारत में ही बड़े हवाई जहाज की मैन्युफैक्चरिंग के लिए कदम बढ़ा चुके हैं। मेरी सरकार ने दशकों तक उपेक्षित रहे क्षेत्रों को मुख्य धारा में लाने के लिए वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम शुरू किया।'

अटल इनोवेशन मिशन

उन्होंने कहा, 'इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए अटल इनोवेशन मिशन के तहत 10 हजार अटल टिंकरिंग लैब स्थापित किये गए हैं। इनमें 1 करोड़ से अधिक विद्यार्थी जुड़े हैं। उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में डिफेंस कॉरिडोर का विकास हो रहा है। मेरी सरकार ने डिफेंस सेक्टर में निजी क्षेत्र की भागीदारी सुनिश्चित की है। स्पेस सेक्टर को भी हमारी सरकार ने युवा स्टार्टअप्स के लिए खोला है।' 

मेड इन इंडिया बना ग्लोबल ब्रांड

राष्ट्रपति ने कहा, 'आज मेड इन इंडिया एक ग्लोबल ब्रांड बन चुका है। मेक इन इंडिया को लेकर आज दुनिया आकर्षित हो रही है। आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को दुनिया समझ रही है। आज दुनियाभर की कंपनियां भारत में नए सेक्टर्स को लेकर उत्साहित हैं।' उन्होंने कहा, 'डिजिटल इंडिया के चलते आज दुनिया के कुल रियल टाइम डिजिटल लेनदेन का 46 फीसदी भारत में होता है। पिछले महीने यूपीआई से रिकॉर्ड 1200 करोड़ लेनदेन हुए, जिसमें 18 लाख करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ।'

10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं

राष्ट्रपति ने कहा, 'आज करीब 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ चुकी हैं। 2 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने  का अभियान सरकार चला रही है। नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत, समूहों को 15 हजार ड्रोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।' उन्होंने कहा, 'मेरी सरकार ने पहली बार, जनजातियों में भी सबसे पिछड़ी जनजातियों की सुध ली है। उनके लिए करीब 24 हजार करोड़ रुपये की पीएम जनमन योजना बनाई गई। दिव्यांगजनों के लिए सुगम्य भारत अभियान चलाया गया।' उन्होंने कहा, 'पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अब तक 2 लाख 80 हजार करोड़ रुपये किसानों को मिल चुके हैं। 10 वर्षों में किसानों के लिए बैंक से आसान लोन में 3 गुना इजाफा किया गया है।'

4.10 करोड़ परिवारों को मिला पक्का घर

उन्होंने कहा, '4 करोड़ 10 लाख गरीब परिवारों को अपना पक्का घर मिला है। इस पर करीब 6 लाख करोड़ रुपये खर्च किये गए। करीब 11 करोड़ ग्रामीण  परिवारों तक पहली बार पाइप से पानी पहुंचा है। डिजिटल के साथ-साथ डिजिटल इंफ्रा पर भी रिकॉर्ड निवेश हुआ। पिछले 10 साल में गावों में पौने 4 लाख किलोमीटर नई सड़कें बनी हैं। नेशनल हाईवे की लंबाई 90 हजार किलोमीटर से बढ़कर 1 लाख 46 हजार किलोमीटर हुई है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा