भारत की सेमी-हाईस्पीड वंदे भारत ट्रेन को रेलवे की शान माना जाता है। देश के कई प्रमुख रूट्स पर दौड़ रही ये ट्रेनें आधुनिक सुविधाओं और तेज रफ्तार के लिए जानी जाती हैं। लेकिन अब राजस्थान के यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने दो वंदे भारत ट्रेनों को बंद करने का फैसला किया है, जिससे यात्रियों में हलचल मच गई है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 20981/82 (उदयपुर सिटी-आगरा कैंट-उदयपुर सिटी) वंदे भारत एक्सप्रेस 15 फरवरी 2026 से बंद कर दी जाएगी। वहीं ट्रेन नंबर 20979/80 (उदयपुर सिटी-जयपुर-उदयपुर सिटी) वंदे भारत एक्सप्रेस 14 फरवरी 2026 से संचालन में नहीं रहेगी। इन दोनों ट्रेनों के बंद होने से खासकर राजस्थान के यात्रियों को झटका लगा है, जो तेज और आरामदायक सफर के लिए वंदे भारत को प्राथमिकता देते थे।
क्यों लिया गया यह फैसला?
रेलवे ने आधिकारिक तौर पर इन ट्रेनों को बंद करने की स्पष्ट वजह नहीं बताई है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन रूट्स पर यात्री संख्या उम्मीद से कम रही है। इसके अलावा रूट में बदलाव की संभावना भी जताई जा रही है, लेकिन इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। कुछ सूत्रों का कहना है कि परिचालन लागत और कम यात्री भार भी इस निर्णय के पीछे एक कारण हो सकता है।
नई वंदे भारत को मिली मंजूरी
जहां दो ट्रेनों पर ब्रेक लगा है, वहीं एक नई वंदे भारत ट्रेन को मंजूरी भी दी गई है। यह ट्रेन उदयपुर सिटी और असारवा (अहमदाबाद) के बीच चलाई जाएगी, जो राजस्थान और गुजरात को जोड़ेगी। ट्रेन नंबर 26963 उदयपुर से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर 10:25 बजे असारवा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 26964 शाम 5:45 बजे असारवा से चलकर रात 10:00 बजे उदयपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।
देशभर में 164 वंदे भारत सेवाएं
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, फरवरी 2019 से शुरू हुई वंदे भारत सेवा अब 82 रूट्स पर 164 ट्रेनों के रूप में चल रही है। इन ट्रेनों में बेहतर सस्पेंशन, सेमी-हाईस्पीड संचालन, ऑटोमैटिक प्लग डोर, एर्गोनॉमिक सीटें, मिनी पैंट्री, सीसीटीवी और कवच जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं।






































