1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. इन 9 कंपनियों के बाजार पुंजीकरण में आई रिकॉर्ड बढ़ोतरी, सिर्फ एक सप्ताह में हुआ 2.12 लाख करोड़ का फायदा

इन 9 कंपनियों के बाजार पुंजीकरण में आई रिकॉर्ड बढ़ोतरी, सिर्फ एक सप्ताह में हुआ 2.12 लाख करोड़ का फायदा

 Edited By: India TV Business Desk
 Published : Nov 13, 2022 11:32 pm IST,  Updated : Nov 13, 2022 11:32 pm IST

टॉप-10 में से 9 कंपनियों ने इस हफ्ते में रिकॉर्ड कमाई की है। इस सप्ताह भारतीय शेयर बाजार में अच्छी उछाल भी देखी गई है। इस खबर में जानें उन कंपनियों का पूरा लेखा-जोखा।

इन 9 कंपनियों के बाजार पुंजीकरण में आई रिकॉर्ड बढ़ोतरी- India TV Hindi
इन 9 कंपनियों के बाजार पुंजीकरण में आई रिकॉर्ड बढ़ोतरी Image Source : INDIA TV

इस हफ्ते शेयर बाजार में तेजी का फायदा इन 9 कंपनियों को भी मिला है। इन कंपनियों के मार्केट कैप में बंपर उछाल देखने को मिला है। टॉप-10 में से नौ कंपनियों का बाजार पूंजीकरण पिछले सप्ताह कुल मिलाकर 2.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक बढ़ गया है। 

HDFC ने मारी बाजी

इस दौरान सबसे अधिक वृद्धि एचडीएफसी बैंक और टीसीएस के बाजार पूंजीकरण में हुई है। पिछले सप्ताह तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 844.68 अंक यानी 1.38 प्रतिशत चढ़ गया। बाजार पूंजीकरण के लिहाज से शीर्ष दस कंपनियों में केवल हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) का ही पूंजीकरण इस हफ्ते में घटा है। वहीं, बाकी नौ कंपनियों ने पिछले सप्ताह अपने बाजार मूल्यांकन में कुल 2,12,478.82 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की। इस दौरान एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण सर्वाधिक 63,462.58 करोड़ रुपये बढ़कर 8,97,980.25 करोड़ रुपये हो गया है। 

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का मूल्यांकन भी 36,517.34 करोड़ रुपये बढ़कर 12,13,378.03 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। एचडीएफसी का बाजार मूल्यांकन 29,422.52 करोड़ रुपये बढ़कर 4,81,818.83 करोड़ रुपये और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 26,317.30 करोड़ रुपये बढ़कर 17,80,206.22 करोड़ रुपये हो गया है। आईटी कंपनी इंफोसिस का बाजार पूंजीकरण भी 23,626.96 करोड़ रुपये बढ़कर 6,60,650.10 करोड़ रुपये और अडाणी एंटरप्राइजेज 20,103.92 करोड़ रुपये बढ़कर 4,56,992.25 करोड़ रुपये हो गया है। भारतीय स्टेट बैंक का मूल्यांकन 6,559.59 करोड़ रुपये बढ़कर 5,36,458.41 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल का मूल्यांकन 5,591.05 करोड़ रुपये बढ़कर 4,59,773.28 करोड़ रुपये हो गया। 

हिंदुस्तान यूनिलीवर को हुआ है नुकसान

वहीं, आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 877.56 करोड़ रुपये बढ़कर 6,32,192.05 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन इस हफ्ते में 3,912.07 करोड़ रुपये घटकर 5,88,220.17 करोड़ रुपये रह गया। बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की शीर्ष कंपनियों में पहले स्थान पर बरकरार है। इसके बाद टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी, भारती एयरटेल और अडाणी एंटरप्राइजेज का स्थान है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा