1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Reliance का मार्केट कैप झटके में 1.31 लाख करोड़ बढ़ा, TCS और इन्फोसिस ने निवेशकों को कराया नुकसान

Reliance का मार्केट कैप झटके में 1.31 लाख करोड़ बढ़ा, TCS और इन्फोसिस ने निवेशकों को कराया नुकसान

 Edited By: Alok Kumar
 Published : May 22, 2022 11:24 am IST,  Updated : May 22, 2022 11:28 am IST

समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार पूंजीकरण इजाफा हुआ। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इन्फोसिस का बाजार मूल्यांकन घट गया। 

Share Market - India TV Hindi
Share Market  Image Source : FILE

Market Cap: सेंसेक्स की शीर्ष पांच कंपनियों में से तीन के बाजार मूल्यांकन (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 1,78,650.71 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। सबसे अधिक लाभ में रिलायंस इंडस्ट्रीज रही। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,532.77 अंक या 2.90 प्रतिशत चढ़ गया। समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार पूंजीकरण इजाफा हुआ। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इन्फोसिस का बाजार मूल्यांकन घट गया। 

एचयूएल को भी फायदा हुआ 

सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 1,31,320.8 करोड़ रुपये बढ़कर 17,73,889.78 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन 30,814.89 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 5,46,397.45 करोड़ रुपये रहा। इसी तरह एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 16,515.02 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 7,33,156.15 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इस रुख के उलट टीसीएस की बाजार हैसियत 43,743.96 करोड़ रुपये घटकर 12,05,254.93 करोड़ रुपये रह गई। इन्फोसिस का मूल्यांकन 20,129.66 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 6,12,303.26 करोड़ रुपये पर आ गया। 

रिलायंस पहले स्थान पर कायम 

शीर्ष पांच कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा। इस बीच, देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की शेयर बाजारों में मंगलवार को कमजोर शुरुआत हुई। एलआईसी का शेयर अपने निर्गम मूल्य से करीब आठ प्रतिशत नीचे सूचीबद्ध हुआ। कारोबार के पहले दिन एलआईसी 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल हो गई। 

शीर्ष 10 में LIC छहे स्थान पर 

फिलहाल एलआईसी शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में 5,22,602.94 करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ छठे स्थान पर है। बाजार मूल्यांकन के लिहाज से शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में आईसीआईसीआई बैंक 4,93,251.86 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण के साथ सातवें, भारतीय स्टेट बैंक 4,12,763.28 करोड़ रुपये के पूंजीकरण के साथ आठवें स्थान पर है। एचडीएफसी 3,99,512.68 करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ नौवें और भारती एयरटेल 3,77,686.72 करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ दसवें स्थान पर है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा