1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. रूस-यूक्रेन युद्ध से Gold-Silver की कीमतों में आग, सोना 53 हजार तो चांदी 70 हजार के पार

रूस-यूक्रेन युद्ध से Gold-Silver की कीमतों में आग, सोना 53 हजार तो चांदी 70 हजार के पार

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 07, 2022 06:44 pm IST,  Updated : Mar 07, 2022 06:44 pm IST

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना जहां मजबूती के साथ 1,996 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, वहीं चांदी 25.81 डॉलर प्रति औंस पर लगभग स्थिर थी।

gold- India TV Hindi
gold Image Source : FILE

Highlights

  • 53,784 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया सोने का भाव
  • 70,977 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई चांदी
  • 5000 रुपये से अधिक महंगा हुआ सोना इस साल

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बहुमूल्य धातुओं में तेजी तथा घरेलू मुद्रा के कमजोर होने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 1,298 रुपये चमक कर 53,784 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 52,486 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी भी 1,910 रुपये की बढ़त के साथ 70,977 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जो पिछले कारोबारी सत्र में 69,067 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। रूस और यूक्रेन में तनाव बढ़ने के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ने से सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 84 पैसे टूटकर 77.01 प्रति डॉलर (अस्थायी) के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया। 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी जोरदार तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना जहां मजबूती के साथ 1,996 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, वहीं चांदी 25.81 डॉलर प्रति औंस पर लगभग स्थिर थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, यूक्रेन और रूस के बीच संकट के गहराने के कारण सोमवार को सोने का भाव 2,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया था। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (जिंस शोध) नवनीत दमानी ने कहा, सोने का भाव 2,000 डॉलर प्रति औंस के स्तर को छूते हुए तेजी से बढ़ रहा है। रूस-यूक्रेन के बीच संकट गहराने से निवेशक सुरक्षित निवेश के विकल्पों का रुख कर रहे हैं। 

वायदा बाजार में भी तेजी 

कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार बढ़ाने से सोमवार को सोने का वायदा भाव 1,161 रुपये की बढ़त के साथ 53,720 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सोने का अप्रैल आपूर्ति वाला अनुबंध 1,161 रुपये या 2.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 53,720 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसमें 11,258 लॉट का कारोबार हुआ। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 1.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,995.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा