1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत की ग्रोथ स्‍टोरी पर S&P को शक नहीं, वैश्विक अस्थिरता के बीच भरोसा बरकरार रखा, कही ये बेहतरीन बातें

भारत की ग्रोथ स्‍टोरी पर S&P को शक नहीं, वैश्विक अस्थिरता के बीच भरोसा बरकरार रखा, कही ये बेहतरीन बातें

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Sep 25, 2023 01:27 pm IST,  Updated : Sep 25, 2023 01:27 pm IST

एसएंडपी ने चालू वित्त वर्ष के लिए अपने वृद्धि अनुमान को छह प्रतिशत पर बरकरार रखते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था 2024-25 और 2025-26 वित्तीय वर्षों में 6.9 प्रतिशत बढ़ेगी।

S&P- India TV Hindi
एसएंडपी Image Source : FILE

ग्‍लोबल रेटिंग एजेंसी एसएंडपी का भारत की ग्रोथ स्‍टोरी पर भरोसा कायम है। वैश्विक अस्थिरता के बीच एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत के वृद्धि अनुमान को छह प्रतिशत पर सोमवार को बरकरार रखा। अमेरिका स्थित एजेंसी ने विश्व अर्थव्यवस्था के धीमी होने, सामान्य से कम मानसून के बढ़ते जोखिम और दरों में बढ़ोतरी के लंबित प्रभाव का हवाला दिया। हालांकि, भारत की विकास दर के अनुमान को छह प्रतिशत पर बरकरार रखा। हालांकि, एजेंसी ने सब्जियों की कीमत में हालिया बढ़ोतरी को अस्थायी माना लेकिन उच्च वैश्विक तेल कीमतों पर पूर्ण राजकोषीय खुदरा मुद्रास्फीति अनुमान को पहले के पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 5.5 प्रतिशत कर दिया। 

भारत के प्रति हमारा दृष्टिकोण अनुकूल बना हुआ 

एसएंडपी ने ‘इकोनॉमिक आउटलुक फॉर एशिया पैसिफिक क्वार्टर-4 2023’ रिपोर्ट में कहा, ‘‘ इस साल वृद्धि दर 2022 की तुलना में कमजोर रहेगी, लेकिन हमारा दृष्टिकोण मोटे तौर पर अनुकूल बना हुआ है। जून तिमाही में भारत में मजबूत विस्तार के बावजूद, धीमी विश्व अर्थव्यवस्था, दरों में बढ़ोतरी के लंबित प्रभाव और असामान्य मानसून के बढ़ते जोखिम को देखते हुए हम वित्तीय वर्ष 2024 (मार्च 2024 को समाप्त) के लिए अपना अनुमान बरकरार रखते हैं।’’ मार्च 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष 2022-23 में भारतीय अर्थव्यवस्था 7.2 प्रतिशत बढ़ी थी। 

भारत ‘मल्टी-स्पीड’ क्षेत्र बना हुआ

एसएंडपी ने चालू वित्त वर्ष के लिए अपने वृद्धि अनुमान को छह प्रतिशत पर बरकरार रखते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था 2024-25 और 2025-26 वित्तीय वर्षों में 6.9 प्रतिशत बढ़ेगी। एसएंडपी ने कहा कि जून तिमाही में भारत की उपभोग वृद्धि के साथ-साथ पूंजीगत व्यय भी ‘‘मजबूत’’ रहा। एशिया प्रशांत क्षेत्र में वृद्धि पर एसएंडपी ने कहा कि यह एक ‘‘मल्टी-स्पीड’’ क्षेत्र बना हुआ है और घरेलू लचीलेपन के बीच 2023 के लिए अपने अनुमान को थोड़ा बढ़ाकर 3.9 प्रतिशत कर दिया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा