1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सेंसेक्स पहली बार 63000 के पार, 418 अंक की छलांग के साथ बनाया रिकॉर्ड, निफ्टी भी शिखर पर

सेंसेक्स पहली बार 63000 के पार, 418 अंक की छलांग के साथ बनाया रिकॉर्ड, निफ्टी भी शिखर पर

 Published : Nov 30, 2022 06:36 pm IST,  Updated : Nov 30, 2022 06:36 pm IST

कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 621.17 अंक तक उछलकर 63,303.01 अंक तक पहुंच गया था जो इसका अबतक का उच्चतम स्तर है।

Sensex Nifty- India TV Hindi
Sensex Nifty Image Source : FILE

शेयर बाजार में जश्न का सिलसिला बीते 7 दिनों से जारी है। वैश्विक बाजारों के काफी सकारात्मक रहने और विदेशी निवेशकों के निवेश के बीच बुधवार को सेंसेक्स इतिहास में पहली बार 63000 के पार बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 417.81 अंक यानी 0.67 प्रतिशत चढ़कर 63,099.65 अंक पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स का नया रिकॉर्ड स्तर है और पहली बार यह 63,000 अंक के पार बंद हुआ है। 

कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 621.17 अंक तक उछलकर 63,303.01 अंक तक पहुंच गया था जो इसका अबतक का उच्चतम स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के सूचकांक निफ्टी ने भी तेजी के इस दौर में 140.30 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की। निफ्टी कारोबार के अंत में 18,758.35 अंक पर बंद हुआ जो इसका नया रिकॉर्ड है। 

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, टाटा स्टील और टाइटन सर्वाधिक लाभ में रहीं। इसके उलट इंडसइंड बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और आईटीसी के शेयर नुकसान में रहे। बीएसई का ‘मिडकैप’ सूचकांक 1.06 प्रतिशत बढ़ा जबकि ‘स्मॉलकैप’ सूचकांक में 0.61 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। 

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) का निवेश आने से घरेलू बाजार में बढ़त जारी रही। हालांकि, बाजार की नजरें फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पावेल के संबोधन पर टिकी रहेंगी। अगर पावेल ब्याज दरों में बढ़ोतरी की रफ्तार सुस्त करने के संकेत देते हैं तो इस तेजी को और बल मिलेगा।’’ 

कोटक सिक्योरिटीज लिमिटेड के इक्विटी शोध (खुदरा) प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, "एफआईआई की लिवाली के जोर पकड़ने से कारोबारी धारणा मजबूत रही और सूचकांक नई ऊंचाई पर पहुंच गए। दूसरी तिमाही के जीडीपी आंकड़े अनुकूल रहने की उम्मीद ने भी इसमें योगदान दिया।" 

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि जापान के सूचकांक निक्की में गिरावट रही। यूरोप के शेयर बाजारों में दोपहर के सत्र में बढ़त दर्ज की गई। 

अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को मिला-जुला रुख रहा था। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.83 प्रतिशत चढ़कर 84.55 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। इस बीच, विदेशी निवेशकों ने घरेलू बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रखा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, एफआईआई ने मंगलवार को 1,241.57 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा