1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. रिलायंस-टीसीएस के दम पर सेंसेक्स 696 अंक उछला, निफ्टी में भी 200 अंकों की तेजी

रिलायंस-टीसीएस के दम पर सेंसेक्स 696 अंक उछला, निफ्टी में भी 200 अंकों की तेजी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 22, 2022 05:59 pm IST,  Updated : Mar 22, 2022 05:59 pm IST

बीएसई सेंसेक्स 696.81 अंक यानी 1.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 57,989.30 पर बंद हुआ।

sensex- India TV Hindi
sensex Image Source : FILE

Highlights

  • सेंसेक्स तेजी के साथ 57,989.30 पर बंद हुआ
  • निफ्टी बढ़त के साथ 17,315.50 अंक पर बंद हुआ
  • ब्रेंट क्रूड टूटकर 113.8 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को शुरुआती गिरावट से उबरे और एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए। सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस और टीसीएस के शेयरों में लिवाली से बाजार में मजबूती आयी। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 696.81 अंक यानी 1.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 57,989.30 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 58,052.87 अंक तक गया और नीचे में 56,930.30 अंक तक आया। दिन में कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 760.38 अंक तक चढ़ा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 197.90 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,315.50 अंक पर बंद हुआ। 

इन कंपनियों ने तेजी लाने का काम किया 

सेंसेक्स के तीस शेयरों में से टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फिनसर्व, आईटीसी, टीसीएस, इंडसइंड बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इन्फोसिस और पावर ग्रिड सर्वाधिक लाभ में रहे। दूसरी तरफ हिंदुस्तान यूनिलीवर लि. नेस्ले इंडिया, एनटीपीसी और सन फार्मा नुकसान में रहे। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और फेडरल रिजर्व के आक्रमक रुख को देखते हुए बाजार की शुरुआत गिरावट से हुई। 

कच्च तेल टूटकर 113 डॉलर के करीब 

हालांकि, यूक्रेन के युद्धविराम की दिशा में काम करने की उम्मीद में यूरोपीय बाजार की सकारात्मक शुरुआत के साथ घरेलू शेयर बाजारों में स्थिति बदली।’’ एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, हांगकांग का हैंगसेंग और जापान का निक्की लाभ में रहे। अमेरिकी शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट रही। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.57 प्रतिशत टूटकर 113.8 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को 2,962.12 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा