1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Share Market: Sensex 515 अंक चढ़कर 59,000 अंक के पार, बैंकिंग शेयरों में जोरदार तेजी

Share Market: Sensex 515 अंक चढ़कर 59,000 अंक के पार, बैंकिंग शेयरों में जोरदार तेजी

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Aug 11, 2022 04:52 pm IST,  Updated : Aug 11, 2022 04:52 pm IST

Share Market: कारोबारियों के अनुसार, घरेलू बाजारों में तेजी को वैश्विक बाजारों और विशेष रूप से अमेरिकी बाजार और बाद में एशियाई बाजारों में मजबूती के रुख से समर्थन मिला।

Share Market - India TV Hindi
Share Market Image Source : FILE

Share Market: सूचना प्रौद्योगिकी, बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में जोरदार लिवाली तथा विदेशी कोषों के सतत प्रवाह से बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 515 अंक चढ़कर 59,000 अंक के पार निकल गया। बीएसई का तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 515. 31 अंक यानी 0.88 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,332.60 अंक पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 124.25 अंक 0.71 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 17,659 अंक पर बंद हुआ।

एक्सिस बैंक में सबसे अधिक बढ़त

सेंसेक्स के शेयरों में एक्सिस बैंक में सबसे अधिक 2.75 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी, टेक महिंद्रा, विप्रो, एसबीआई, टीसीएस और इंडसइंड बैंक के शेयर भी लाभ में रहे। दूसरी तरफ आईटीसी, एनटीपीसी, एचयूएल, भारती एयरटेल, मारुति और नेस्ले इंडिया के शेयर गिरावट लेकर बंद हुए। एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, चीन का शंघाई कंपोजिट और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में रहे जबकि जापान का निक्की नुकसान में रहा। वहीं, यूरोप के प्रमुख बाजार गिरावट में कारोबार कर रहे थे।

अमेरिकी और एशियाई बाजारों से समर्थन

कारोबारियों के अनुसार, घरेलू बाजारों में तेजी को वैश्विक बाजारों और विशेष रूप से अमेरिकी बाजार और बाद में एशियाई बाजारों में मजबूती के रुख से समर्थन मिला। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 1,061.88 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.92 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 98.30 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

डॉलर के मुकाबले टूटा रुपया

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 36 पैसे टूटकर 79.61 रुपये (अस्थायी) पर बंद। बीते कुछ दिनों से रुपये में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। शुरुआती कारोबार में रुपया 79.22 से 79.31 के दायरे में कारोबार कर रहा था। बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 38 पैसे की तेजी के साथ 79.25 के भाव पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.16 प्रतिशत बढ़कर 105.36 पर आ गया। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.12 प्रतिशत बढ़कर 97.28 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा