1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Silver and Gold Rates: चांदी की कीमत में जोरदार उछाल, सोना भी हुआ महंगा, चेक करें आज के ताजा भाव

Silver and Gold Rates: चांदी की कीमत में जोरदार उछाल, सोना भी हुआ महंगा, चेक करें आज के ताजा भाव

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 06, 2025 06:40 pm IST,  Updated : Nov 06, 2025 06:40 pm IST

सुरक्षित निवेश की मांग और अमेरिकी डॉलर में मामूली गिरावट के कारण गुरुवार को सोने में तेजी आई।

Silver Gold Rates, gold price silver price, today gold rate, today gold price, tanishq, gold price t- India TV Hindi
चांदी की कीमत में तेज उछाल Image Source : PIXABAY

Silver and Gold Price: लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद व्यापारियों की ताजा खरीदारी और मजबूत वैश्विक संकेतों के कारण गुरुवार को एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। आज दिल्ली में 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमतें 600 रुपये बढ़कर 1,24,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गईं। पिछले बाजार सत्र में 99.9% शुद्धता वाला सोना 1,24,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, गुरुवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 600 रुपये बढ़कर 1,24,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। मंगलवार को ये 1,23,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

चांदी की कीमत में तेज उछाल

सोने के अलावा, आज चांदी की कीमतों में 1,800 रुपये की तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आज की इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत बढ़कर 1,53,300 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। बताते चलें कि मंगलवार को चांदी का भाव 1,51,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। प्रकाश पर्व श्री गुरु नानक देव की छुट्टी के कारण बुधवार को सर्राफा बाजार बंद रहे थे। वैश्विक स्तर पर, आज हाजिर सोना 28.96 डॉलर या 0.73 प्रतिशत बढ़कर 4,008.19 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि हाजिर चांदी 1.22 प्रतिशत बढ़कर 48.60 डॉलर प्रति औंस हो गई।

आज क्यों महंगा हुआ सोना

सुरक्षित निवेश की मांग और अमेरिकी डॉलर में मामूली गिरावट के कारण गुरुवार को सोने में तेजी आई। मौजूदा सरकारी शटडाउन अमेरिकी इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन बन गया है, जिसका कोई समाधान नजर नहीं आ रहा है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, "इस लंबे शटडाउन ने वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता पैदा कर दी है, जिसका फायदा सुरक्षित निवेश वाली कीमती धातुओं को मिल रहा है।"

डॉलर इंडेक्स में गिरावट से भी मिला बल

डॉलर इंडेक्स, 0.29 प्रतिशत गिरकर 99.97 पर आ गया, जिससे कीमती धातुओं को और बल मिला है। एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा, "अमेरिका-चीन व्यापार समझौते को लेकर आशावाद सोने की कीमतों में और तेजी को सीमित कर सकता है। बाजार सहभागी संकेतों के लिए आगामी अमेरिकी विनिर्माण और गैर-विनिर्माण पीएमआई आंकड़ों पर कड़ी नजर रखेंगे।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा