1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Silver Price : निवेशकों की पहली पसंद बनी चांदी, इस साल अब तक दे दिया 11% रिटर्न, क्यों बढ़ रहे हैं भाव?

Silver Price : निवेशकों की पहली पसंद बनी चांदी, इस साल अब तक दे दिया 11% रिटर्न, क्यों बढ़ रहे हैं भाव?

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Mar 09, 2025 12:37 pm IST,  Updated : Mar 09, 2025 12:37 pm IST

Silver Price today : इस साल कीमती धातु के रूप में चांदी की कीमत लगातार ऊपर चढ़ रही है, जिसका मुख्य कारण अमेरिका की अनिश्चित व्यापार नीतियां हैं। इससे इस साल सुरक्षित निवेश के रूप में सफेद धातु में इनफ्लो देखा जा रहा है।

चांदी के भाव- India TV Hindi
चांदी के भाव Image Source : FILE

वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच चांदी भी निवेशकों को निवेश के लिहाज से आकर्षित कर रही है और इसने इस साल अब तक लगभग 11 फीसदी का रिटर्न दिया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि चांदी का प्रदर्शन रिटर्न के लिहाज से अगले दो-तीन साल बेहतर रहने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि सोने की तुलना में चांदी में उतार-चढ़ाव अधिक होता है। इसका कारण यह है कि यह धातु इन्वेस्टमेंट एसेट के साथ-साथ उद्योगों में भी काफी यूज होती है। लेकिन यह सोने की तुलना में अधिक किफायती है, जिससे छोटे निवेशकों के लिए इसे खरीदना आसान हो जाता है।

चांदी वायदा ने दिया शानदार रिटर्न

मेहता इक्विटीज लि. के उपाध्यक्ष (कमोडिटी) राहुल कलंत्री ने कहा, ‘‘देश में चांदी की वायदा कीमत बीते वर्ष 17.50 प्रतिशत बढ़ी है और यह 10 साल के औसत रिटर्न 9.56 प्रतिशत से अधिक है। पिछले दो साल में इसमें मजबूत प्रदर्शन देखने को मिला है और इस साल भी अबतक इसमें 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चांदी के हाल के प्रदर्शन को देखते हुए निवेशक आने वाले समय में इसमें संभावनाओं को लेकर सतर्क हुए हैं। वर्तमान में, चांदी वैश्विक वित्तीय संकट के दौरान 25 अप्रैल, 2011 को निर्धारित अपने रिकॉर्ड 50 डॉलर प्रति औंस से लगभग 35 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रही है। कीमत का यह स्तर बाजार में तेजी की उम्मीद करने वालों के लिए निवेश को लेकर एक एंट्री पॉइंट का सिग्नल हो सकता है।’’ वैश्विक बाजार में चांदी वायदा कीमत बीते शुक्रवार को 33.28 डॉलर प्रति औंस रही। 

चांदी में निवेश बेहतर

आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के निदेशक (कमोडिटी एंड करेंसी) नवीन माथुर ने कहा, ‘‘एक कमोडिटी के रूप में चांदी इंडस्ट्रीयल मेटल होने के कारण अत्यधिक अस्थिर रही है। साथ ही अनिश्चित आर्थिक परिदृश्य के दौरान निवेश उद्देश्यों के लिए भी इस पर गौर किया जाता है। हालांकि, अन्य कीमती धातुओं की तुलना में मजबूत बुनियाद और सस्ती कीमतों के साथ, अगले दो-तीन साल के परिदृश्य के हिसाब से रिटर्न के मामले में चांदी का प्रदर्शन अन्य कीमती धातुओं से बेहतर रहने की उम्मीद है। इसलिए उच्च रिटर्न को देखते हुए चांदी में निवेश अब भी बेहतर जान पड़ता है।’’

क्यों बढ़ रहे चांदी के दाम

माथुर ने आगे कहा, ‘‘इस साल कीमती धातु के रूप में चांदी की कीमत लगातार ऊपर चढ़ रही है, जिसका मुख्य कारण अमेरिका की अनिश्चित व्यापार नीतियां हैं। इससे इस साल सुरक्षित निवेश के रूप में सफेद धातु में इनफ्लो देखा जा रहा है। औद्योगिक मांग बनी रहने के साथ अमेरिका में प्रमुख ब्याज दर के 2025 में नीचे आने की संभावना के साथ चांदी की बुनियाद मजबूत बनी हुई है। इसलिए इस साल चांदी जैसे सेफ इन्वेस्टमेंट एसेट्स की ओर रुझान भी बढ़ रहा है।’’ कलंत्री ने कहा, ‘‘चांदी की कीमत में तेजी के कारणों में अमेरिका में ब्याज दर में गिरावट शामिल है, जिसने कीमती धातुओं को निवेश के लिहाज से अधिक आकर्षक बना दिया है। इसके अलावा डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन में नीतिगत अनिश्चितताओं के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर जारी तनाव में वृद्धि जैसे कारक भी इसके दाम में तेजी ला रहे हैं। इसके साथ यह लगातार दूसरा वर्ष है जब चांदी की औद्योगिक मांग मजबूत बनी हुई है और यह आभूषण खरीद में गिरावट की भरपाई कर रही है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा