1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. आज 11,000 रुपये महंगी हुई चांदी, सोने की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी- चेक करें आज के ताजा भाव

आज 11,000 रुपये महंगी हुई चांदी, सोने की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी- चेक करें आज के ताजा भाव

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Mar 10, 2026 08:27 pm IST,  Updated : Mar 10, 2026 08:27 pm IST

अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में, आज हाजिर चांदी की कीमत में 1.38 डॉलर (1.6 प्रतिशत) की बढ़ोतरी दर्ज की गई और ये 88.33 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। वहीं, सोना लगभग एक प्रतिशत की तेजी के साथ 5172.86 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

Silver Gold Rates, gold price silver price, today gold rate, today gold price, tanishq, gold price t- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के संभावित समाधान की ओर किया इशारा Image Source : PIXABAY

Silver and Gold Price: मजबूत वैश्विक रुझानों के बीच मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में आज एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिली। चांदी की कीमतों में आज भारी बढ़ोतरी हुई तो वहीं दूसरी ओर सोने के भाव में मामूली तेजी दर्ज की गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, लगातार 3 दिनों की गिरावट के बाद मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 10,975 रुपये (4.09 प्रतिशत) की जोरदार तेजी के साथ 2.79 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। सोमवार को चांदी की कीमत 3400 रुपये (1.3 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,68,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

सोने की कीमतों में 400 रुपये की मामूली बढ़त

चांदी के अलावा, आज सोने के भाव में 400 रुपये (0.24 प्रतिशत) की साधारण बढ़त देखी गई। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,64,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सोमवार को भी सोना 200 रुपये की मामूली बढ़त के साथ 1,64,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में, आज हाजिर चांदी की कीमत में 1.38 डॉलर (1.6 प्रतिशत) की बढ़ोतरी दर्ज की गई और ये 88.33 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। वहीं, सोना लगभग एक प्रतिशत की तेजी के साथ 5172.86 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के संभावित समाधान की ओर किया इशारा

लेमन मार्केट्स डेस्क के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग ने बताया कि मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। इसकी मुख्य वजह भू-राजनीतिक घटनाक्रम रहे, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के संभावित समाधान की ओर इशारा किया है। इस संघर्ष के चलते निवेशक काफी समय से असमंजस की स्थिति में थे। उन्होंने कहा कि इस उथल-पुथल ने बाजार में अस्थिरता का माहौल पैदा कर दिया है। कच्चे तेल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी के कारण महंगाई का डर सता रहा है, जिसका असर निवेशकों की भावनाओं पर पड़ रहा है।

पीपल्स बैंक ऑफ चाइना ने लगातार 16वें महीने जारी रखी सोने की खरीद

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, ''मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में सुधार देखने को मिला। अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड में आई नरमी ने इन कीमती धातुओं को राहत प्रदान की।'' गांधी ने कहा कि पिछले सत्र में 15 हफ्तों के उच्चतम स्तर को छूने के बाद डॉलर इंडेक्स में गिरावट आई, जबकि अमेरिकी बॉन्ड यील्ड भी थोड़ा कमजोर हुआ, जिससे सर्राफा कीमतों को उबरने का मौका मिला। पीपल्स बैंक ऑफ चाइना ने फरवरी में लगातार 16वें महीने अपने सोने के भंडार की खरीद जारी रखी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा