1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. स्टॉक मार्केट में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 152 अंक उछला, BSE का मार्केट कैप रिकॉर्ड 316 लाख करोड़ के पार

स्टॉक मार्केट में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 152 अंक उछला, BSE का मार्केट कैप रिकॉर्ड 316 लाख करोड़ के पार

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Sep 05, 2023 03:39 pm IST,  Updated : Sep 05, 2023 05:05 pm IST

मंगलवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 152.12 अंक चढ़कर 65,780.26 अंक पर बंद हुआ।

स्टॉक मार्केट- India TV Hindi
स्टॉक मार्केट Image Source : FILE

भारतीय शेयर मार्केट में लगातार तीसरे दिन तेजी रही है। मंगलवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 152.12 अंक चढ़कर 65,780.26 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी भी 46.10 अंकों की मजबूती के साथ 19,574.90 अंक पर पहुंच गया। बड़ी कंपनियों के अलावा मिड और स्मॉल कैप के शेयरों में जबरदस्त तेजी से बीएसई का मार्केट कैप पहली बार 316 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। आपको बता दें कि इसके साथ ही बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण बढ़कर 3,16,71,327.78 करोड़ रुपये हो गया। यह बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों के बाजार पूंजीकरण का उच्चतम स्तर है।

इन कंपनियों के शेयरों में तेजी

सेंसेक्स की कंपनियों में सन फार्मा सर्वाधिक 2.09 प्रतिशत की बढ़त लेने में सफल रही। इसके अलावा आईटीसी, टाइटन, बजाज फाइनेंस, नेस्ले, इन्फोसिस, एलएंडटी, जेएसडब्ल्यू स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज और कोटक महिंद्रा बैंक भी चढ़कर बंद हुए। दूसरी तरफ अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी, एचडीएफसी बैंक, विप्रो, भारतीय स्टेट बैंक और एनटीपीसी पिछड़ गए। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार मिलेजुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को श्रम दिवस के अवसर पर बंद रहे।

बाजार की धारणा को मजबूती मिली

विश्लेषकों के मुताबिक, घरेलू स्तर पर सकारात्मक आंकड़ों से बाजार की धारणा को मजबूती मिली है। अगस्त में भारत में विनिर्माण गतिविधियों में तेजी आने की सर्वे रिपोर्ट आई है। इसके पहले माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह 11 प्रतिशत बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचने और वाहन बिक्री के मासिक आंकड़े रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने से बाजार को मजबूती मिली है। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.62 प्रतिशत गिरकर 88.45 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। बाजार में तेजी के माहौल के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने पूंजी निकासी की है। शेयर बाजारों से मिले आंकड़ों के मुताबिक, एफआईआई ने सोमवार को 3,367.67 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा