1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. आज फिर सोने में जबरदस्त तेजी, 97 हजार के पार निकला भाव, जानें Gold-Silver के ताजा रेट

आज फिर सोने में जबरदस्त तेजी, 97 हजार के पार निकला भाव, जानें Gold-Silver के ताजा रेट

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : May 05, 2025 05:46 pm IST,  Updated : May 05, 2025 05:46 pm IST

Gold rate today: सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 550 रुपये बढ़कर 97,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई।

Gold and Silver - India TV Hindi
सोना और चांदी Image Source : FILE

Gold rate today: सोने की कीमत में बड़ी गिरावट की उम्मीद लगाए लोगों को फिर झटका लगा है। सोने में ​हल्की गिरावट के बाद फिर तेजी लौट आई है। सोने का भाव एक बार फिर 97 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के पार निकल गया हे। आपको बता दें कि ग्लोबल मार्केट में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी आने से सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 550 रुपये बढ़कर 97,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत शुक्रवार को 96,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी सोमवार को 550 रुपये बढ़कर 96,900 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले सत्र में सोने की कीमत 96,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। 

चांदी की कीमत में आई गिरावट 

एक ओर आज सोने की कीमत में तेजी आई। वहीं, दूसरी ओर चांदी की कीमत घटी। दिल्ली के सर्राफा बाजार में आज चांदी 400 रुपये टूटकर 96,700 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी का भाव 97,100 रुपये प्रति किलोग्राम रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना 46.34 डॉलर बढ़कर 3,286.83 डॉलर प्रति औंस हो गया। कोटक सिक्योरिटीज में एवीपी-जिंस शोध कायनात चैनवाला ने कहा कि मंगलवार से शुरू होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की दो दिवसीय फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक से पहले डॉलर में नरमी के कारण सोना 3,280 डॉलर प्रति औंस हो गया। उन्होंने कहा कि बाजार प्रतिभागी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन, जेरोम पावेल की निर्णय के बाद की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सतर्कता से नजर रख रहे हैं। इसके अलावा, अमेरिकी-चीन व्यापार घटनाक्रमों को लेकर अनिश्चितता से जोखिम भावना सतर्क रहने की संभावना है। 

वायदा बाजार में भी तेजी 

मजबूत हाजिर मांग के कारण कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली के चलते सोमवार को वायदा कारोबार में सोना 623 रुपये बढ़कर 93,260 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून डिलिवरी वाले सोने के अनुबंध का भाव 623 रुपये या 0.67 प्रतिशत बढ़कर 93,260 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया जिसमें 14,933 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने कहा कि कारोबारियों द्वारा ताजा सौदे करने से सोने की कीमतों में तेजी आई। चांदी की हाजिर कीमत 1.24 प्रतिशत बढ़कर 32.41 डॉलर प्रति औंस हो गई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा