1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. DND-सोहना कॉरिडोर शुरू होने से सराय काले खां पर बढ़ जाएगा ट्रैफिक, NHAI ने शुरू की प्लानिंग

DND-सोहना कॉरिडोर शुरू होने से सराय काले खां पर बढ़ जाएगा ट्रैफिक, NHAI ने शुरू की प्लानिंग

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jul 29, 2026 07:03 am IST,  Updated : Jul 29, 2026 07:03 am IST

सराय काले खां, दिल्ली के सबसे बिजी ट्रांसपोर्ट हब्स में से एक है, जहां हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, सराय काले खां नमो भारत स्टेशन, सराय काले खां बस अड्डा और निजामुद्दीन मेट्रो स्टेशन स्थित है।

sarai kale khan, nhai, dnd-sohna corridor, nizamuddin railway station, delhi- India TV Hindi
दिल्ली ट्रैफिक (सांकेतिक तस्वीर) Image Source : PTI

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए सराय काले खां लूप पर जाम की समस्या के समाधान के लिए एक कदम उठाया है। इसके तहत, NHAI नेशनल हाईवे (NH) 148NA के डीएनडी-सोहना सेक्शन पर स्थित सराय काले खां लूप के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि इस डीपीआर में क्षेत्र में लंबी अवधि तक यातायात के प्रबंधन और इंजीनियरिंग से जुड़े समाधान का अध्ययन किया जाएगा। 

दिल्ली के सबसे बिजी ट्रांसपोर्ट हब्स में से एक है सराय काले खां

बताते चलें कि सराय काले खां, दिल्ली के सबसे बिजी ट्रांसपोर्ट हब्स में से एक है, जहां हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, सराय काले खां नमो भारत स्टेशन, सराय काले खां बस अड्डा और निजामुद्दीन मेट्रो स्टेशन स्थित है। यहां प्रस्तावित समाधान इस क्षेत्र में जारी इंफ्रा डेवलपमेंट कार्यों के पूरक होंगे। सराय काले खां लूप आश्रम, नोएडा और सराय काले खां से आने वाले ट्रैफिक के लिए एक महत्वपूर्ण जंक्शन के रूप में काम करता है। एनएचएआई ने कहा कि डीएनडी-सोहना नेशनल हाईवे कॉरिडोर के जल्द शुरू होने के बाद यहां ट्रैफिक में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी होने की संभावना है। ऐसे में सुचारु और प्रभावी यातायात संचालन सुनिश्चित करने के लिए समय पर इंतजाम करना बहुत आवश्यक है। 

बिना किसी समस्या के सुनिश्चित होगी कनेक्टिविटी

डीपीआर में सड़कों की क्षमता बढ़ाने, यात्रा के समय को कम करने, सुरक्षा बेहतर बनाने और गाड़ियों की आवाजाही को ज्यादा सुगम बनाने के लिए उपयुक्त बुनियादी ढांचा समाधानों का मूल्यांकन किया जाएगा। एनएचएआई ने कहा कि ये पहल डीएनडी-सोहना कॉरिडोर के शुरू होने के बाद मिलने वाले फायदे को पूरी तरह हासिल करने में मदद करेगी और इस महत्वपूर्ण इंटरचेंज पर बिना किसी समस्या के कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी।

सराय काले खां से होकर जाना होता है आईटीओ, कश्मीरी गेट, आनंद विहार

सराय काले खां में सुबह-शाम भारी ट्रैफिक की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ये एक प्रमुख जगह है, जहां से रोजाना लाखों लोग दिल्ली-एनसीआर की प्रमुख जगहों जैसे- आईटीओ, कश्मीरी गेट, आनंद विहार, मयूर विहार, एम्स, आश्रम, डीएनडी, गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद आते और जाते हैं। ऐसे में डीएनडी-सोहना कॉरिडोर के शुरू होने से यहां की स्थिति और भी ज्यादा खराब हो जाएगी, जिसे ध्यान में रखते हुए NHAI ने अभी से प्लानिंग शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें

दिल्ली में भारी बारिश से एयर ट्रैफिक प्रभावित, इंडिगो ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा