नई दिल्लीः केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मालाबार चैरिटेबल ट्रस्ट के एक कार्यक्रम में शिरकत की। इस कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पूरे भारत में छात्राओं के लिए स्कॉलरशिप वितरण का उद्घाटन किया।स्कॉलरशिप प्रोग्राम के तहत देश भर की 33 हजार छात्राओं को छात्रवृत्ति दी जाएगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि देश को मालाबार एक बेंचमार्क दिखा रहा है। यह 5% अपना प्रॉफिट का सीएसआर के लिए दे रहा है, जिससे बच्चियों को स्कालरशिप मिलेगी। फिर यही बच्चियां विकसित भारत का हिस्सा बनेंगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हर एक भारतीय के दिल में संवेदनशीलता है। हर भारतीय एक दूसरे के लिए खड़ा है। कोविड के समय भी हम लोगों ने साथ खड़े होकर उसका सामना किया। दुनिया में वॉर हो रही है, भारत इस वॉर का हिस्सा नहीं है। जब जंग होती है तो कोलैटरल डैमेज भी होता है। अगर कोई भी मुश्किल देश पर आती है तो हम सबको एक साथ मिल कर उसका सामना चाहिए।
मालाबार चैरिटेबल ट्रस्ट ने गरीबों के भोजन के लिए 30 करोड़ देने का ऐलान किया
वहीं, मालाबार चैरिटेबल ट्रस्ट की तरफ से कहा गया कि इस पहल के तहत देशभर में 33,000 छात्राओं को स्कॉलरशिप दी जाएगी। कंपनी का कहना है कि शिक्षा के जरिए महिलाओं और लड़कियों को सशक्त बनाना उनका मुख्य लक्ष्य है। इस सीएसआर के ज़रिए 114 करोड़ रुपये शिक्षा (माइक्रो-लर्निंग सेंटर, स्कॉलरशिप), 30 करोड़ रुपये गरीबों को भोजन (Hunger Free World प्रोजेक्ट), 14.2 करोड़ रुपये हेल्थकेयर, 25 करोड़ रुपये ‘Grandma Home’ जैसे आवास प्रोजेक्ट, 10 करोड़ रुपये पर्यावरण संरक्षण और बाकी राशि को अन्य सामाजिक कार्यों में जाएगा। इसका प्रबंधन मालाबार चैरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा किया जाता है।
ट्रस्ट के कई सीनियर अधिकारी भी कार्यक्रम में हुए शामिल
मालाबार ग्रुप के चेयरमैन एम.पी. अहमद ने कहा कि मानव संसाधन विकास राष्ट्रीय विकास की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से प्रतिभा को निखारना आवश्यक है और समझाया कि छात्रवृत्ति कार्यक्रम छात्रों को शैक्षणिक सफलता प्राप्त करने और देश के विकास में योगदान देने में सक्षम बनाता है। ट्रस्ट का कहना है कि उसके ऑपरेशंस ESG सिद्धांतों का पालन करते हैं और महिलाओं के सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने का काम करते हैं। इस कार्यक्रम में मालाबार ग्रुप के इंडिया ऑपरेशंस के मैनेजिंग डायरेक्टर आशेर ओट्टामूचिक्कल, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर निषाद ए.के, अब्दुल्ला इब्राहिम और केरल हाउस के रेजिडेंट कमिश्नर पुनीत कुमार भी शामिल हुए।