1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सब्जियों के भाव ने बिगाड़ा किचन का बजट, टमाटर की कीमत 100 रुपये प्रति किलो हुई, आलू, प्याज, बीन्स के दाम भी बढ़े

सब्जियों के भाव ने बिगाड़ा किचन का बजट, टमाटर की कीमत 100 रुपये प्रति किलो हुई, आलू, प्याज, बीन्स के दाम भी बढ़े

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jul 21, 2024 10:33 am IST,  Updated : Jul 21, 2024 10:34 am IST

दूसरी हरी सब्जियों के दाम भी बढ़े हुए हैं। मदर डेयरी में शनिवार को तोरी 59 रुपये प्रति किलो, करेला 49 रुपये प्रति किलो, फ्रेंच बीन्स 89 रुपये प्रति किलो मिल रही है।

Tomato Price - India TV Hindi
टमाटर Image Source : FILE

देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के कारण सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इससे तमाम सब्जियों के दाम में बड़ा उछाल आ गया है। सब्जियों के दाम बढ़ने से आम लोगों के किचन का बजट बिगड़ गया है। आसमान छूती महंगाई के बीच सब्जियों की कीमत बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आपको बता दें कि दिल्ली में टमाटर का भाव 100 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया। दिल्ली में मदर डेयरी के खुदरा बिक्री केंद्र 'सफल' पर टमाटर 100 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर उपलब्ध हैं। उपभोक्ता मामलों के विभाग के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को दिल्ली में टमाटर की खुदरा कीमत 93 रुपये प्रति किलोग्राम थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 20 जुलाई को टमाटर का अखिल भारतीय औसत मूल्य 73.76 रुपये प्रति किलोग्राम था। विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अत्यधिक गर्मी और उसके बाद अत्यधिक बारिश से आपूर्ति में व्यवधान के चलते पिछले सप्ताह कीमतों में तेज वृद्धि हुई। 

आलू और प्याज की कीमतें भी तेजी से बढ़ी

अधिकारी ने बताया, दिल्ली और कुछ अन्य शहरों में टमाटर, आलू और प्याज की कीमतें बहुत ज़्यादा हैं। अत्यधिक गर्मी और उसके बाद अत्यधिक बारिश के कारण आपूर्ति बाधित हुई, जिससे खुदरा कीमतों में उछाल आया।'' पश्चिमी दिल्ली में मदर डेयरी स्टोर पर शनिवार को प्याज 46.90 रुपये प्रति किलोग्राम और आलू 41.90 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बेचा जा रहा था। सरकारी आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में प्याज 50 रुपये प्रति किलोग्राम और आलू 40 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिल रहा है। प्याज का अखिल भारतीय औसत मूल्य 44.16 रुपये प्रति किलोग्राम और आलू का औसत मूल्य 37.22 रुपये प्रति किलोग्राम है। 

इन हरी सब्जियों के दाम भी बढ़े 

दूसरी हरी सब्जियों के दाम भी बढ़े हुए हैं। मदर डेयरी में शनिवार को तोरी 59 रुपये प्रति किलो, करेला 49 रुपये प्रति किलो, फ्रेंच बीन्स 89 रुपये प्रति किलो, भिंडी 49 रुपये प्रति किलो, टिंडा 119 रुपये प्रति किलो, हरी शिमला मिर्च 119 रुपये प्रति किलो, बैंगन (छोटा) 49 रुपये प्रति किलो, बैंगन (बड़ा) 59 रुपये प्रति किलो, परवल 49 रुपये प्रति किलो, लौकी 39 रुपये प्रति किलो और अरवी 69 रुपये प्रति किलो की दर से मिल रही थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा