1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. यूपी में बनेगा विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे, मुजफ्फनगर और रुड़की होते हुए हरिद्वार तक होगा गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार

यूपी में बनेगा विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे, मुजफ्फनगर और रुड़की होते हुए हरिद्वार तक होगा गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 05, 2026 01:02 pm IST,  Updated : Aug 05, 2026 01:02 pm IST

यूपी सरकार ने अनुपूरक बजट में राज्य में मौजूदा एक्सप्रेसवे के विस्तार के साथ-साथ नए एक्सप्रेसवे और अन्य इंफ्रा प्रोजेक्ट्स की भी घोषणा की है।

Vindhya-Purvanchal Link Expressway, Ganga Expressway, Bulandshahr Link Expressway, UP Supplementary - India TV Hindi
गंगा एक्सप्रेसवे Image Source : UPEIDA

उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मंगलवार को राज्य के लिए 59,019.54 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। जब किसी वित्त वर्ष के लिए पेश किए बजट में मंजूर राशि कम पड़ने या किसी नए और जरूरी खर्च के लिए अतिरिक्त राशि की जरूरत पड़ती है तो अनुपूरक बजट (Supplementary Budget) पेश किया जाता है।

अनुपूरक बजट में नए एक्सप्रेसवे की घोषणा

यूपी सरकार ने इस अनुपूरक बजट में राज्य में मौजूदा एक्सप्रेसवे के विस्तार के साथ-साथ नए एक्सप्रेसवे और अन्य इंफ्रा प्रोजेक्ट्स की भी घोषणा की है। इसमें विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे, बुलंदशहर लिंक एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे को मेरठ से हरिद्वार तक बढ़ाने की घोषणा प्रमुख है।

विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे

यूपी के प्रयागराज से सोनभद्र तक बनने वाले विंध्य एक्सप्रेसवे को चंदौली और गाजीपुर के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। ऐसा होने पर यूपी के 3 प्रमुख एक्सप्रेसवे- गंगा एक्सप्रेसवे, विंध्य एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे आपस में जुड़ जाएंगे।

बुलंदशहर लिंक एक्सप्रेसवे

यूपी के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए बुलंदशहर ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। ये लिंक एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे को बुलंदशहर के रास्ते सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ देगा। इसकी कुल लंबाई 74.467 किमी होगी और ये 6 लेन वाला ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे होगा, जिसे भविष्य में जरूरत के आधार पर 8 लेन वाला भी बनाया जा सकेगा।

गंगा एक्सप्रेसवे का हरिद्वार तक विस्तार

मेरठ से प्रयागराज तक जाने वाले वाले गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक विस्तारित किया जाएगा। यूपी सरकार गंगा एक्सप्रेसवे को मेरठ से बढ़ाते हुए हरिद्वार तक ले जाएगी। जिसके बाद गंगा एक्सप्रेसवे प्रयागराज में शुरू होकर मेरठ से होता हुआ मुजफ्फरनगर और रुड़की के रास्ते हरिद्वार में जाकर खत्म होगा। बताते चलें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने अभी हाल ही में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। 594 किमी लंबा ये एक्सप्रेसवे अभी प्रयागराज से शुरू होकर मेरठ में खत्म होता है।

चिल्ला एलिवेटेड रोड

दिल्ली में मयूर विहार के पास स्थित चिल्ला रेगुलेटर से लेकर नोएडा के महामाया फ्लाईओवर को जोड़ने के लिए एक एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाया जाएगा। ये एलिवेटेड फ्लाईओवर नोएडा सेक्टर 14A से शुरू होगा और शाहदरा ड्रेन के साथ-साथ आकर MP-3 रोड पर खत्म होगा। इस एलिवेटेड फ्लाईओवर के बनने से मयूर विहार के पास दिल्ली से लगे नोएडा वाले इलाके से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने में जाम से मुक्ति मिलेगी।

ये भी पढ़ें

₹2000 से ज्यादा के UPI ट्रांजैक्शन पर लगेगी फीस, 0.40% तक का चार्ज वसूलने की मिल सकती है मंजूरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा