1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. कल बैंक खुलेंगे या बंद रहेंगे? ब्रिक्स सम्मेलन और बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के बीच जानिए अपने राज्य का स्टेटस

कल बैंक खुलेंगे या बंद रहेंगे? ब्रिक्स सम्मेलन और बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के बीच जानिए अपने राज्य का स्टेटस

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Sep 10, 2026 10:48 am IST,  Updated : Sep 10, 2026 10:49 am IST

अगर आपको कल यानी 11 सितंबर को बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। एक तरफ दिल्ली में BRICS सम्मेलन होने जा रहा है, दूसरी तरफ बैंक कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल पर जाने के फैसले पर कायम हैं।

11 सितंबर को बैंक...- India TV Hindi
11 सितंबर को बैंक खुलेंगे या बंद रहेंगे? Image Source : ANI

11 सितंबर को देश भर के बैंक ग्राहकों के लिए एक बड़ा भ्रम पैदा हो गया है। एक तरफ दिल्ली में आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं, तो दूसरी तरफ यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा 11 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। मुख्य श्रम आयुक्त कार्यालय में वित्तीय सेवा विभाग (DFS), आईबीए (IBA) और बैंक यूनियनों के बीच हुई बातचीत बेनतीजा रहने के बाद यूनियनों ने अपनी हड़ताल वापस लेने से इनकार कर दिया है। ऐसे में सवाल उठता है कि कल आपके शहर और राज्य में बैंक शाखाएं खुलेंगी या बंद रहेंगी?

हड़ताल पर अड़े बैंक कर्मचारी

मुख्य श्रम आयुक्त (सेंट्रल) के साथ हुई सुलह वार्ता में वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के प्रतिनिधियों ने ब्रिक्स सम्मेलन (11-13 सितंबर) का हवाला देते हुए हड़ताल वापस लेने का अनुरोध किया था। लेकिन ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन (AIBOC) के महासचिव रूपम रॉय और UFBU के नेताओं ने साफ कर दिया कि जब तक हफ्ते में 5 दिन काम की मांग पर कोई ठोस फैसला या निश्चित समयसीमा नहीं मिलती, तब तक हड़ताल स्थगित नहीं होगी। इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण शुक्रवार, 11 सितंबर को देश भर के सरकारी बैंकों में चेक क्लीयरेंस, कैश डिपॉजिट और काउंटर सर्विसेज जैसे कामकाज पर असर पड़ सकता है।

दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन

11 से 13 सितंबर तक दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन के कारण दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCT) के अपने सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) में 11 सितंबर को छुट्टी घोषित की है। हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ऑफिशियल हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार 11 सितंबर को दिल्ली में बैंकों की आधिकारिक छुट्टी घोषित नहीं है। सरकारी कार्यालयों की छुट्टी का आदेश सीधे तौर पर बैंकों पर लागू नहीं होता। लेकिन बैंक यूनियनों की देशव्यापी हड़ताल के कारण दिल्ली समेत देशभर की शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहने की पूरी आशंका है।

अन्य शहरों/राज्यों का क्या है हाल?

राज्य/शहर 11 सितंबर का बैंक स्टेटस कारण
जयपुर (राजस्थान) पूरी तरह बंद जयपुर नगर निगम चुनाव के तहत लोकल हॉलिडे
दिल्ली-एनसीआर सरकारी छुट्टी, बैंक खुले पर काम प्रभावित ब्रिक्स सम्मेलन और बैंक हड़ताल का असर
अन्य सभी राज्य शाखाएं खुलीं, लेकिन सेवाएं बाधित UFBU की देशव्यापी बैंक हड़ताल

डिजिटल बैंकिंग का लें सहारा

शाखाओं में कर्मचारियों की हड़ताल के कारण भले ही काउंटर सेवाएं बाधित रहें, लेकिन यूपीआई (UPI), इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप और एटीएम (ATM) सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी। इसलिए किसी भी आपातकालीन पैसे के लेनदेन के लिए डिजिटल माध्यमों का ही उपयोग करें।

यह भी पढ़ें- सितंबर में कुल 15 दिन रहेगी बैंकों की छुट्टी, जानें आपके राज्य में कब-कब बंद रहेंगे बैंक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा