1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. क्या बाइक और स्कूटरों से भी वसूला जाएगा टोल टैक्स? नितिन गडकरी ने खुद दे दिया जवाब

क्या बाइक और स्कूटरों से भी वसूला जाएगा टोल टैक्स? नितिन गडकरी ने खुद दे दिया जवाब

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 26, 2025 03:17 pm IST,  Updated : Jun 26, 2025 03:17 pm IST

केंद्रीय मंत्री के इस ट्वीट ने साफ कर दिया है कि देश में किसी भी टू-व्हीलर्स से न तो टोल टैक्स वसूला जा रहा है और न ही ऐसा कोई प्रस्ताव है।

toll tax, toll tax for two wheelers, toll tax for bike, toll tax for motorcycle, toll tax for scoote- India TV Hindi
नितिन गडकरी ने टू-व्हीलर्स से टोल वसूलने पर क्या कहा Image Source : PIXABAY

Toll Tax for Two-Wheelers: बीते दिनों टोल टैक्स को लेकर कुछ मीडिया संस्थानों ने एक खबर चलाई थी, जिसमें दावा किया गया था कि 15 जुलाई से बाइक और स्कूटर समेत तमाम दो-पहिया वाहनों  से भी टोल टैक्स वसूला जाएगा। ये खबर देखते ही देखते काफी वायरल हो गई थी, जिसने देश में करोड़ों टू-व्हीलर्स के लिए टेंशन बढ़ा दी थी। खबर में दावा किया गया था कि 15 जुलाई से NHAI यानी नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर टू-व्हीलर्स से भी टोल टैक्स वसूला जाएगा। हालांकि, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने खुद ही मीडिया संस्थानों द्वारा चलाई गई इस खबर की सच्चाई बता दी है। नितिन गडकरी ने इसे लेकर गुरुवार को एक ट्वीट किया है।

नितिन गडकरी ने टू-व्हीलर्स से टोल वसूलने पर क्या कहा

नितिन गडकरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर टू-व्हीलर्स से टोल टैक्स वसूले जाने वाली खबर को भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी निर्णय प्रस्तावित नहीं हैं और दो-पहिया वाहन के टोल पर पूरी तरह से छूट जारी रहेगी। गडकरी ने ट्वीट में लिखा, ''कुछ मीडिया संस्थानों  द्वारा दो-पहिया (Two wheeler) वाहनों पर टोल टैक्स लगाए जाने की भ्रामक खबरें फैलाई जा रही है। ऐसा कोई निर्णय प्रस्तावित नहीं हैं। दो-पहिया वाहन के टोल पर पूरी तरह से छूट जारी रहेगी। बिना सच्चाई जाने भ्रामक खबरें फैलाकर सनसनी बनाना स्वस्थ पत्रकारिता के लक्षण नहीं है। मैं इसकी निंदा करता हूं।''

इमरजेंसी, डिफेंस और वीआईपी की गाड़ियों को भी मिलती है छूट

केंद्रीय मंत्री के इस ट्वीट ने साफ कर दिया है कि देश में किसी भी टू-व्हीलर्स से न तो टोल टैक्स वसूला जा रहा है और न ही ऐसा कोई प्रस्ताव है। टू-व्हीलर्स से टोल टैक्स वसूलने की खबरें झूठी और भ्रामक हैं। बताते चलें कि भारत में दो-पहिया वाहनों से किसी तरह का कोई टोल टैक्स नहीं वसूला जाता है। देश में टोल टैक्स का भुगतान 4 पहिये और इससे ज्यादा पहिये वाले वाहनों को करना होता है। इसके अलावा, इमरजेंसी सर्विस से जुड़ी गाड़ियों जैसे- एंबुलेंस, फायर फ्रिगेड, डिफेंस सर्विस की गाड़ियों, वीआईपी गाड़ियों को भी टोल टैक्स के भुगतान से पूरी तरह छूट मिलती है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा