1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. किसानों की चमकने वाली है किस्मत, यूपी के इस क्षेत्र में 41 गांवों की जमीन खरीदेगा YEIDA

किसानों की चमकने वाली है किस्मत, यूपी के इस क्षेत्र में 41 गांवों की जमीन खरीदेगा YEIDA

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Apr 22, 2025 08:56 am IST,  Updated : Apr 22, 2025 08:56 am IST

यीडा के सीईओ अरुणवीर सिंह के मुताबिक, 28 मार्च को हुई एक अहम मीटिंग में 9200 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया था।

yeida, yamuna expressway industrial development authority, land, aligarh, greater noida, gautambuddh- India TV Hindi
ग्रेटर नोएडा के 36 और अलीगढ़ के 5 गांवों की जमीन खरीदेगा यीडा Image Source : NITIN GADKARI

YEIDA Project: यूपी के 41 गांवों के किसानों की किस्मत चमकने वाली है। यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) ग्रेटर नोएडा से लेकर अलीगढ़ तक आने वाले 41 गांवों की 13,300 एकड़ जमीन खरीदेगा। जमीन की ये खरीद सीधे किसानों से की जाएगी और इसमें किसी तीसरे व्यक्ति की संलिप्तता नहीं होगी। यानी यीडा जिस कीमत पर किसानों की जमीन खरीदेगा, वो सीधे किसानों के बैंक खाते में जाएगी। बताते चलें कि यीडा ने क्षेत्र के विकास के लिए लैंड बैंक बनाने पर काम कर रहा है और जमीन की ये खरीद भी इसी का एक हिस्सा है।

ग्रेटर नोएडा के 36 और अलीगढ़ के 5 गांवों की जमीन खरीदेगा यीडा

यीडा के सीईओ अरुणवीर सिंह के मुताबिक, 28 मार्च को हुई एक अहम मीटिंग में 9200 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया था। जिसमें जमीन खरीदने के लिए 5000 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया था। जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की वजह से देश-विदेश की तमाम कंपनियां इस क्षेत्र में निवेश करने के लिए उत्साहित हैं। ग्रेटर नोएडा से आगे अलीगढ़ में लॉजिस्टिक हब बनाने का भी प्लान है। यीडा के मुताबिक, जिन 41 गांवों की जमीन खरीदने का प्लान है, उसमें 36 गांव ग्रेटर नोएडा के शामिल हैं और बाकी के बचे 5 गांव अलीगढ़ के हैं।

किसानों को 3 महीने के अंदर हो जाएगा आबादी भूखंडों का आवंटन

अरुणवीर सिंह ने बताया कि किसानों से जमीन खरीदने की प्रक्रिया कुछ समय में शुरू हो जाएगी। सीईओ ने बताया कि जिन किसानों से जमीन खरीदी जाएगी, उन्हें 3 महीने के अंदर आबादी भूखंडों का आवंटन कर दिया जाएगा। यीडा ने बताया कि किसानों को जहां जमीन अलॉट की जाएगी, वहां 1 साल के अंदर सभी मूलभूत सुविधाएं विकसित कर दी जाएंगी। इसके अलावा, किसान जिस दिन जमीन का बैनामा कराएगा, उन्हें उसी दिन आबादी भूखंड का आरक्षण पत्र भी दे दिया जाएगा। बताते चलें कि यीडा का प्राधिकरण क्षेत्र यूपी के 6 जिलों- गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस और आगरा में फैला हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा