1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शीर्ष दस में से चार कंपनियों का मार्केट कैप 30,339 करोड़ रुपए घटा, सबसे ज्‍यादा नुकसान ITC को

शीर्ष दस में से चार कंपनियों का मार्केट कैप 30,339 करोड़ रुपए घटा, सबसे ज्‍यादा नुकसान ITC को

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Sep 10, 2017 12:59 pm IST,  Updated : Sep 10, 2017 12:59 pm IST

सेंसेक्स की शीर्ष दस कंपनियों में से चार कंपनियों का कुल मार्केट कैप बीते सप्ताह 30,339.17 करोड़ रुपए घट गया। सबसे अधिक नुकसान में आईटीसी रही।

शीर्ष दस में से चार कंपनियों का मार्केट कैप 30,339 करोड़ रुपए घटा, सबसे ज्‍यादा नुकसान ITC को- India TV Hindi
शीर्ष दस में से चार कंपनियों का मार्केट कैप 30,339 करोड़ रुपए घटा, सबसे ज्‍यादा नुकसान ITC को

नई दिल्‍ली। सेंसेक्स की शीर्ष दस कंपनियों में से चार कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) बीते सप्ताह 30,339.17 करोड़ रुपए घट गया। सबसे अधिक नुकसान में एफएमसीजी क्षेत्र की कंपनी आईटीसी रही। सप्ताह के दौरान जहां आईटीसी, हिंदुस्तान यूनीलिवर, भारतीय स्टेट बैंक और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के बाजार पूंजीकरण में गिरावट आई। वहीं दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, मारुति सुजुकी तथा ओएनजीसी के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई। हालांकि, इन कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में कुल बढ़ोतरी 26,099.02 करोड़ रुपए रही, जो चार कंपनियों को हुए नुकसान से कम है।

समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान आईटीसी का बाजार मूल्यांकन 13,581.05 करोड़ रुपए घटकर 3,31,852.44 करोड़ रुपए पर आ गया। इसी तरह आईओसी का बाजार पूंजीकरण 9,857.49 करोड़ रुपए घटकर 2,07,784.17 करोड़ रुपए और एसबीआई का 4,963.43 करोड़ रुपए घटकर 2,34,748.61 करोड़ रुपए पर आ गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 1,937.2 करोड़ रुपए घटकर 2,61,198.36 करोड़ रुपए रहा।

इस रुख के उलट सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार हैसियत 8,164.93 करोड़ रुपए बढ़कर 5,31,509.65 करोड़ रुपए पर पहुंच गई। एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 6,164.78 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी के साथ 4,61,553.05 करोड़ रुपए और मारुति सुजुकी का 4,836.3 करोड़ रुपए बढ़कर 2,40,842.39 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। एचडीएफसी का बाजार मूल्यांकन 3,035.5 करोड़ रुपए बढ़कर 2,83,353.07 करोड़ रुपए और ओएनजीसी का 2,567.08 करोड़ रुपए बढ़कर 2,07,770.08 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।

सप्ताह के दौरान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का बाजार पूंजीकरण 1,330.43 करोड़ रुपए बढ़कर 4,72,857.75 करोड़ रुपए रहा। शीर्ष दस की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले नंबर पर रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, एचडीएफसी, हिंदुस्तान यूनीलिवर, मारुति, एसबीआई, आईओसी तथा ओएनजीसी का स्थान रहा। बीते सप्ताह बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 204.71 अंक या 0.64 प्रतिशत नीचे आया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 39.60 अंक या 0.39 प्रतिशत टूटा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा