1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Price Today : कमजोर वैश्विक रुख और सुस्त मांग से सोने की कीमतों में आई गिरावट, चांदी की चमक भी पड़ी फीकी

Gold Price Today : कमजोर वैश्विक रुख और सुस्त मांग से सोने की कीमतों में आई गिरावट, चांदी की चमक भी पड़ी फीकी

 Edited By: Manish Mishra
 Published : Mar 26, 2018 04:12 pm IST,  Updated : Mar 26, 2018 04:12 pm IST

कमजोर वैश्विक रुख और स्थानीय आभूषण कारोबारियों की सुस्त मांग से सोमवार को सर्राफा बाजार में सोने का भाव 35 रुपए गिरकर 31,800 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया।

Gold Price- India TV Hindi
Gold Price Today

नई दिल्ली कमजोर वैश्विक रुख और स्थानीय आभूषण कारोबारियों की सुस्त मांग से सोमवार को सर्राफा बाजार में सोने का भाव 35 रुपए गिरकर 31,800 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। सिक्का निर्माताओं और औद्योगिक इकाइयों के कमजोर उठाव से चांदी भी 100 रुपए गिरकर 39,500 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। कारोबारियों ने कहा कि कमजोर वैश्विक रुख के साथ स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं एवं खुदरा विक्रेताओं की सुस्त मांग से सोने की कीमतों में दबाव देखा गया।

वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.14 प्रतिशत गिरकर 1,344.90 डॉलर प्रति औंस रह गया जबकि चांदी 0.03 प्रतिशत गिरकर 16.52 डॉलर प्रति औंस पर रही।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में 99.9 प्रतिशत एवं 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 35-35 रुपए गिरकर क्रमश: 31,800 रुपए और 31,650 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। इससे पहले पिछले तीन कारोबारी दिन में सोना 485 रुपए चढ़ा है। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी पूर्वस्तर पर कायम रहकर 24,800 रुपए प्रति इकाई पर टिकी रही।

इसी प्रकार, चांदी हाजिर 100 रुपए गिरकर 39,500 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलीवरी की चांदी 140 रुपए गिरकर 38,755 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 74,000 रुपए और 75,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा