1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today : कमजोर वैश्विक रुख से लगातार तीसरे दिन भी सोने की कीमतों में आई कमी, चांदी चमकी

Gold Rate Today : कमजोर वैश्विक रुख से लगातार तीसरे दिन भी सोने की कीमतों में आई कमी, चांदी चमकी

 Edited By: Manish Mishra
 Published : May 29, 2018 03:37 pm IST,  Updated : May 29, 2018 03:37 pm IST

कमजोर वैश्विक रुख तथा स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की मांग में कमी से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें मंगलवार को लगातार तीसरे दिन नीचे आईं। सोने का भाव 105 रुपए टूटकर 31,860 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया।

Gold Rate Today- India TV Hindi
Gold Rate Today

नई दिल्ली। कमजोर वैश्विक रुख तथा स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की मांग में कमी से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें मंगलवार को लगातार तीसरे दिन नीचे आईं। सोने का भाव 105 रुपए टूटकर 31,860 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि, औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं की छिटपुट मांग से चांदी 70 रुपए चढ़कर 40,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख की वजह से सोने की कीमतें नीचे आईं। अमेरिका - उत्तर कोरिया वार्ता की संभावनाएं फिर पैदा हुई हैं जिससे निवेश के सुरक्षित विकल्प के रूप में सोने की मांग घटी है।

वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.08 प्रतिशत के नुकसान से 1,296.20 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं चांदी 0.58 प्रतिशत के नुकसान से 16.34 डॉलर प्रति औंस रह गई। इसके अलावा घरेलू हाजिर बाजार में स्थानीय आभूषण विक्रेताओं तथा फुटकर कारोबारियों की मांग घटने से भी सोने की कीमतों पर प्रभाव पड़ा है।

राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता 105-105 रुपए के नुकसान से क्रमश: 31,860 रुपए और 31,710 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। इससे पिछले दो दिन में सोने में 510 रुपए की गिरावट आई थी। गिन्नी के भाव हालांकि 24,800 रुपए प्रति आठ ग्राम पर कायम रहे।

वहीं दूसरी ओर चांदी हाजिर 70 रुपए के लाभ से 40,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। साप्ताहिक डिलिवरी के भाव 205 रुपए चढ़कर 40,120 रुपए प्रति किलोग्राम रहे। चांदी सिक्का लिवाल 76,000 रुपए और बिकवाल 77,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर कायम रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा