1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सोने में पांच दिन की तेजी पर आज लगा ब्रेक, चांदी 200 रुपए बढ़कर हुई 39,700 रुपए प्रति किग्रा

सोने में पांच दिन की तेजी पर आज लगा ब्रेक, चांदी 200 रुपए बढ़कर हुई 39,700 रुपए प्रति किग्रा

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Dec 29, 2017 06:00 pm IST,  Updated : Dec 29, 2017 06:00 pm IST

स्थानीय आभूषण निर्माताओं की मांग कमजोर पड़ने से सोने का भाव 25 रुपए गिरकर 30,225 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया।

gold- India TV Hindi
gold

नई दिल्‍ली। सोने के भाव में पिछले पांच दिन से जारी तेजी पर आज ब्रेक लग गया। स्थानीय आभूषण निर्माताओं की मांग कमजोर पड़ने से सोने का भाव 25 रुपए गिरकर 30,225 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। हालांकि, औद्योगिक इकाइयों की मांग बढ़ने से चांदी 200 रुपए चढ़ गई। चांदी के सिक्का बनाने वालों और औद्योगिक इकाइयों की मांग बढ़ने से चांदी हाजिर भाव 200 रुपए बढ़कर 39,700 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया।

व्यापारियों का कहना है कि हाजिर बाजार में आभूषण निर्माताओं और खुदरा विक्रेताओं की सोने की मांग घटने से मुख्य तौर पर सोने के दाम में गिरावट आई है। वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोने का भाव 0.05 प्रतिशत बढ़कर 1,295.30 रुपए प्रति औंस पर पहुंच गया। बाजार सूत्रों के अनुसार इक्विटी बाजार में जारी तेजी और डॉलर के मुकाबले रुपए की मजबूती से सोने में सटोरियों का आकर्षण घटा है। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 25-25 रुपए गिरकर क्रमश: 30,225 रुपए और 30,075 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। इससे पहले पिछले पांच सत्रों के दौरान सोने का भाव 565 रुपए चढ़ा था। गिन्नी हालांकि, 24,700 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर बनी रही। 

चांदी में इसके विपरीत मजबूती का रुख रहा। औद्योगिक उपभोक्ताओं की मांग जारी रहने से चांदी हाजिर का भाव 200 रुपए चढ़कर 39,700 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया लेकिन साप्ताहिक डिलीवरी चांदी का भाव 60 रुपए गिरकर 38,790 रुपए प्रति किलोग्राम बोला गया। चांदी सिक्का 1,000 रुपए प्रति सैकड़ा बढ़कर लिवाली 73,000 रुपए और बिकवाली 74,000 रुपए प्रति सैकड़ा रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा