1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 5वें दिन लगातार सोने में आई तेजी, 175 रुपए उछलकर भाव हुआ 30250 रुपए प्रति दस ग्राम

5वें दिन लगातार सोने में आई तेजी, 175 रुपए उछलकर भाव हुआ 30250 रुपए प्रति दस ग्राम

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Dec 28, 2017 03:55 pm IST,  Updated : Dec 28, 2017 03:55 pm IST

आज लगातार 5वें दिन सोने में तेजी दर्ज की गई। विदेशों में सकारात्‍मक रुख की वजह से गुरुवार को सर्राफा बाजार में सोना 175 रुपए उछलकर 30,250 रुपए प्रति दस ग्राम के स्‍तर पर पहुंच गया।

Gold- India TV Hindi
Gold

नई दिल्‍ली। आज लगातार 5वें दिन सोने में तेजी दर्ज की गई। विदेशों में सकारात्‍मक रुख की वजह से गुरुवार को सर्राफा बाजार में सोना 175 रुपए उछलकर 30,250 रुपए प्रति दस ग्राम के स्‍तर पर पहुंच गया। स्‍थानीय ज्‍वेलर्स की लगातार खरीदारी ने भी कीमतों को अपना समर्थन दिया। वहीं दूसरी ओर औद्योगिक इकाइयों और सिक्‍का निर्माताओं की ओर से मांग निकलने के कारण चांदी भी 250 रुपए की तेजी के साथ 39,500 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।

सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि वैश्विक कारणों की वजह से सोने के प्रति रुख मजबूत बना हुआ है। विदेशों में क्रिसमस की छुट्टियों के चलते कारोबार हल्‍का है जिसकी वजह से डॉलर चार हफ्ते के निचले स्‍तर पर पहुंच गया है और इस कारण सोना एक महीने के अपने उच्‍च स्‍तर पर है। अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर, सिंगापुर में सोना 0.33 प्रतिशत उछलकर 1291.10 डॉलर प्रति औंस हो गया और चांदी भी 0.54 प्रतिशत तेजी के साथ 16.75 डॉलर प्रति औंस हो गई।

राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 175-175 रुपए बढ़कर क्रमश: 30,250 रुपए और 30,100 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। पिछले पांच सत्रों में सोना 390 रुपए महंगा हो चुका है। हालांकि गिन्‍नी का भाव बिना किसी बदलाव के 24,700 रुपए प्रति आठ ग्राम पर अपरिवर्तित बना रहा।

सोने की तरह ही चांदी तैयार आज 250 रुपए बढ़कर 39,500 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। वहीं साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव आज 510 रुपए बढ़कर 38,850 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। हालांकि चांदी सिक्‍कों का भाव 72,000 रुपए लिवाल और 73,000 रुपए बिकवाल प्रति सैकड़ा पर अपरिवर्तित बना रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा