1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. रेपो रेट बढ़ते ही HDFC बैंक ने ग्राहकों को दी बड़ी राहत, MCLR में 15 बेसिस पॉइंट तक कटौती; जानिए किसकी EMI होगी कम

रेपो रेट बढ़ते ही HDFC बैंक ने ग्राहकों को दी बड़ी राहत, MCLR में 15 बेसिस पॉइंट तक कटौती; जानिए किसकी EMI होगी कम

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Oct 07, 2026 02:48 pm IST,  Updated : Oct 07, 2026 02:48 pm IST

RBI के रेपो रेट बढ़ाने के बाद जहां लोन महंगा होने की चिंता बढ़ी है, वहीं HDFC बैंक ने अपने ग्राहकों को राहत दी है। बैंक ने 7 अक्टूबर 2026 से सभी अवधि के MCLR में 5 से 15 बेसिस पॉइंट तक कटौती कर दी है।

HDFC बैंक ने MCLR रेट घटाई- India TV Hindi
HDFC बैंक ने MCLR रेट घटाई Image Source : ANI

RBI के रेपो रेट बढ़ाने के फैसले के बीच HDFC बैक ने अपने कुछ ग्राहकों को राहत दी है। बैंक ने 7 अक्टूबर 2026 से सभी अवधि की MCLR यानी फंड्स की मार्जिनल कॉस्ट पर आधारित लेंडिंग रेट में 5 से 15 बेसिस पॉइंट तक कटौती की है। इससे MCLR से जुड़े कुछ फ्लोटिंग रेट लोन की ब्याज दर कम हो सकती है और रीसेट डेट आने पर ग्राहकों की EMI में भी राहत मिल सकती है। हालांकि, इसका फायदा हर ग्राहक को तुरंत नहीं मिलेगा।

15 बेसिस पॉइंट तक MCLR घटाया

एचडीएफसी बैंक ने सबसे ज्यादा कटौती 1 महीने की MCLR में की है। इसमें 15 बेसिस पॉइंट की कमी के बाद नई दर 7.75 फीसदी हो गई है। वहीं ओवरनाइट और 3 महीने की MCLR में 10-10 बेसिस पॉइंट की कटौती की गई है। बाकी अवधि की दरों में 5 बेसिस पॉइंट की कमी की गई है।

बैंक की नई MCLR दरें इस प्रकार हैं:

HDFC बैंक की नई MCLR दरें
Image Source : HDFC BANK OFFICIAL WEBSITEHDFC बैंक की नई MCLR दरें

सितंबर के मुकाबले कितनी हुई कमी?

सितंबर में एचडीएफसी बैंक की MCLR 7.90 फीसदी से 8.60 फीसदी के बीच थी। अब सभी अवधि की दरों में कटौती की गई है। उदाहरण के लिए, 1 साल की MCLR 8.35 फीसदी से घटकर 8.30 फीसदी हो गई है। इसी तरह 2 साल की दर 8.45 फीसदी से घटकर 8.40 फीसदी और 3 साल की दर 8.60 फीसदी से घटकर 8.55 फीसदी हो गई है।

किसकी EMI हो सकती है कम?

MCLR में कटौती का मतलब यह नहीं है कि हर होम लोन ग्राहक की EMI तुरंत कम हो जाएगी। इसका फायदा मुख्य रूप से उन ग्राहकों को मिल सकता है जिनका लोन MCLR से लिंक है और जिनकी ब्याज दर की रीसेट डेट आ चुकी है। अगर आपका होम लोन रेपो रेट जैसे किसी दूसरे बेंचमार्क से जुड़ा है, तो एचडीएफसी बैंक की MCLR कटौती का सीधा असर आपके लोन पर जरूरी नहीं है। इसलिए ग्राहकों को अपने लोन एग्रीमेंट में लागू बेंचमार्क और रीसेट डेट जरूर जांचनी चाहिए।

क्या है MCLR?

MCLR वह न्यूनतम ब्याज दर है, जिसके आधार पर बैंक अपने विभिन्न लोन की ब्याज दर तय करता है। RBI ने इसे 2016 में लागू किया था। MCLR में बदलाव होने पर इससे जुड़े फ्लोटिंग रेट लोन की ब्याज दर भी बदल सकती है।

यह भी पढ़ें- होम, कार से लेकर पर्सनल लोन तक का बदल सकता है पूरा हिसाब, रेपो रेट बढ़ने के बाद जानें आपकी EMI पर असर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।