1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मुंबई में BEST बसों की बदलेगी तस्वीर, 1500 नई इलेक्ट्रिक मिडी बसें होंगी शामिल; QR टिकटिंग से लेकर ट्रैकिंग तक होंगे बड़े बदलाव

मुंबई में BEST बसों की बदलेगी तस्वीर, 1500 नई इलेक्ट्रिक मिडी बसें होंगी शामिल; QR टिकटिंग से लेकर ट्रैकिंग तक होंगे बड़े बदलाव

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Oct 07, 2026 02:20 pm IST,  Updated : Oct 07, 2026 02:20 pm IST

मुंबई में BEST बसों से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए आने वाला समय सुविधाओं से भरा हो सकता है। BEST ने वित्त वर्ष 2027-28 का बजट पेश करते हुए बसों की संख्या बढ़ाने से लेकर डिजिटल टिकटिंग और रियल-टाइम ट्रैकिंग तक कई बड़े प्रस्ताव रखे हैं।

मुंबई की BEST बसों में...- India TV Hindi
मुंबई की BEST बसों में आएंगे बड़े बदलाव Image Source : PTI

मुंबई में BEST बसों से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए आने वाले समय में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। बेस्ट ने वित्त वर्ष 2027-28 का बजट पेश किया है, जिसमें बसों की संख्या बढ़ाने से लेकर डिजिटल टिकटिंग, रियल-टाइम ट्रैकिंग और यात्रियों की सुरक्षा तक कई योजनाएं शामिल हैं। सबसे खास बात यह है कि BEST के बेड़े में 1,500 नई इलेक्ट्रिक मिडी बसें शामिल करने की तैयारी है। इसके अलावा 200 CNG मिडी बसों के लिए भी टेंडर मंगाए गए हैं।

1,500 नई इलेक्ट्रिक बसें होंगी शामिल

सितंबर 2026 तक बेस्ट के पास कुल 2,834 बसें थीं। अब इसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर पहले 4,016 और आगे चलकर 10,000 बसों तक करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत केंद्र की पीएम ई-ड्राइव योजना के जरिए 1,500 इलेक्ट्रिक मिडी बसें खरीदी जाएंगी। साथ ही 200 CNG मिडी बसों की खरीद की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। बेस्ट की बसों से मुंबई और आसपास के इलाकों में रोजाना करीब 25 लाख यात्री सफर करते हैं। ऐसे में फ्लीट बढ़ने से यात्रियों को बसों की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।

QR टिकटिंग से आसान होगा सफर

BEST डिजिटल टिकटिंग सिस्टम को भी मजबूत करने की तैयारी में है। QR कोड आधारित टिकटिंग को ONDC नेटवर्क के जरिए कई डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। इनमें चार्टर, फोनपे, पेटीएम, व्हाट्सएप, रेडबस, रैपिडो और नम्मा यात्री जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हैं। इसके साथ ही इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम को जारी रखा जाएगा। इसके तहत यात्रियों को रियल-टाइम बस ट्रैकिंग, बेहतर पैसेंजर इंफॉर्मेशन और ऑटोमैटिक व्हीकल लोकेशन जैसी सुविधाएं मिलेंगी। रूट और शेड्यूल मैनेजमेंट के लिए सेंट्रल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी काम करेगा।

ड्राइवरों की ट्रेनिंग पर खास जोर

बेस्ट ने बस हादसों को कम करने के लिए ड्राइवर ट्रेनिंग को भी मजबूत करने का प्रस्ताव रखा है। दिंडोशी ट्रेनिंग सेंटर में एडवांस्ड ड्राइविंग सिमुलेटर लगाए जाएंगे। इनकी मदद से ड्राइवरों को खराब मौसम, मुश्किल परिस्थितियों, खतरे पहचानने और ईंधन की बचत वाली ड्राइविंग की ट्रेनिंग दी जाएगी।

पर्यटकों के लिए चलेंगी ओपन-टॉप बसें

बेस्ट ने मुंबई के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ओपन-टॉप डबल-डेकर बसें शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा है। इन्हें हेरिटेज टूरिस्ट सर्विस में इस्तेमाल किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- सेव पुरी खरीदने के लिए 20 मिनट तक सड़क पर रोकी BEST बस, चालक के खिलाफ शिकायत; VIDEO आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।