1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. कमजोर मांग से सोने की कीमतों में आई गिरावट, चांदी के भाव भी 100 रुपए प्रति किलो घटे

कमजोर मांग से सोने की कीमतों में आई गिरावट, चांदी के भाव भी 100 रुपए प्रति किलो घटे

 Edited By: Manish Mishra
 Published : Dec 11, 2017 05:31 pm IST,  Updated : Dec 11, 2017 05:31 pm IST

विदेशों में मजबूती के बावजूद स्थानीय आभूषण और फुटकर विक्रेताओं की सुस्त मांग के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 70 रुपए टूटकर 29,580 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया।

Gold- India TV Hindi
Gold

नई दिल्ली। विदेशों में मजबूती के बावजूद स्थानीय आभूषण और फुटकर विक्रेताओं की सुस्त मांग के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 70 रुपए टूटकर 29,580 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से उठाव कम होने से चांदी भी 100 रुपए घटकर 37,800 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया। बाजार सूत्रों ने कहा कि स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं तथा फुटकर कारोबारियों की कमजोर मांग से मुख्यत: सोने की कीमतों पर दवाब रहा लेकिन वैश्विक बाजार में मामूली बेहतरी के रुख से गिरावट पर कुछ अंकुश लगा।

सिंगापुर में सोना 0.09 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,249.30 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 15.82 डॉलर प्रति औंस के भाव बोली गई। दिल्ली में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने के भाव 70-70 रुपए टूटकर क्रमश: 29,580 रुपए और 29,430 रुपए प्रति दस ग्राम रहे। पिछले चार दिन में सोना 600 रुपए टूटा है। गिन्नी हालांकि 24,400 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर रही।

चांदी हाजिर डिलीवरी 100 रुपए की गिरावट के साथ 37,800 रुपए प्रति किलोग्राम तथा साप्ताहिक डिलिवरी 50 रुपए की तेजी के साथ 37,115 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी सिक्का हालांकि 71,000 रुपए प्रति सैकड़ा (लिवाल) और 72,000 रुपए प्रति सैकड़ा (बिकवाल) पर स्थिर बना रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा