1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. वैश्विक संकेतों, मुनाफावसूली से बाजार में भारी गिरावट, टाटा मोटर्स के शेयर को हुआ 18 प्रतिशत नुकसान

वैश्विक संकेतों, मुनाफावसूली से बाजार में भारी गिरावट, टाटा मोटर्स के शेयर को हुआ 18 प्रतिशत नुकसान

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Feb 08, 2019 05:57 pm IST,  Updated : Feb 08, 2019 05:57 pm IST

कारोबारियों ने कहा कि धातु तथा वाहन कंपनियों में अचानक बिकवाली होने से घरेलू शेयर बाजार में तेज गिरावट रही।

bombay stock exchange- India TV Hindi
bombay stock exchange Image Source : BOMBAY STOCK EXCHANGE

मुंबई। अमेरिका-चीन व्यापारिक तनाव के बीच वैश्विक बाजारों से नकारात्मक संकेतों तथा धातु एवं वाहन कंपनियों में बिकवाली से शुक्रवार को सेंसेक्स 424 अंक से अधिक टूट गया। निफ्टी भी 11 हजार अंक से आ गया। कारोबारियों ने कहा कि मूल्यांकन तथा वृहद आर्थिक कारकों के कारण स्वाभाविक जोखिम के बाद भी पिछले कुछ दिनों की तेजी के बाद निवेशकों के मुनाफावसूली करने से बाजार नरम हुआ। 

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 424.61 अंक यानी 1.15 प्रतिशत टूटकर 36,546.48 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 125.80 अंक यानी 1.14 प्रतिशत गिरकर 10,943.60 अंक पर आ गया। सप्ताह के दौरान सेंसेक्स कुल मिला कर 77.05 अंक यानी 0.21 प्रतिशत और निफ्टी 49.95 अंक यानी 0.45 प्रतिशत मजबूत हुआ। 

कारोबारियों ने कहा कि धातु तथा वाहन कंपनियों में अचानक बिकवाली होने से घरेलू शेयर बाजार में तेज गिरावट रही। सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स सर्वाधिक 17.93 प्रतिशत गिरा। दिसंबर तिमाही में 26,960.80 करोड़ रुपए का घाटा होने से कंपनी का शेयर गिरा। इसके अलावा वेदांता, टाटा स्टील, एनटीपीसी, ओएनजीसी, एलएंडटी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोल इंडिया, मारुति सुजुकी, पावरग्रिड, एक्सिस बैंक, आईटीसी और एचडीएफसी में 5.75 प्रतिशत तक की गिरावट रही। 

वहीं दूसरी ओर कोटक बैंक, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस और हीरो मोटोकॉर्प में 0.95 प्रतिशत तक की तेजी रही। बीएसई के धातु समूह में 3.42 प्रतिशत और वाहन समूह में 3.37 प्रतिशत की गिरावट रही। एफसीजी, बैंकिंग और दवा कंपनियां भी नुकसान में रहीं। प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 418.01 करोड़ रुपए के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। घरेलू संस्थागत निवेशकों ने भी 294.11 करोड़ रुपए के शेयरों की शुद्ध लिवाली की। 

वैश्विक स्तर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से एक मार्च के पहले मुलाकात की संभावना खारिज करने से व्यापारिक तनाव एक बार फिर से उभर आया है। अमेरिका का डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज बृहस्पतिवार को 0.87 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ था। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 2.19 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.20 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.16 प्रतिशत नीचे आया। यूरोपीय बाजारों में कारोबार के दौरान जर्मनी का फ्रैंकफर्ट डीएएक्स 0.10 प्रतिशत गिरावट में तथा फ्रांस का पेरिस सीएसी40 0.12 प्रतिशत और ब्रिटेन का लंदन एफटीएसई 0.19 प्रतिशत की तेजी में चल रहा था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा