1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. कोविड-19 के टीके की उम्मीद से रुपया 17 पैसे मजबूत होकर 74.74 पर बंद

कोविड-19 के टीके की उम्मीद से रुपया 17 पैसे मजबूत होकर 74.74 पर बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 21, 2020 07:46 pm IST,  Updated : Jul 21, 2020 07:47 pm IST

कारोबार के दौरान डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत गिरकर 95.80 पर पहुंचा

Rupees Vs dollar- India TV Hindi
Rupees Vs dollar Image Source : GOOGLE

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में तेजी और कोविड-19 टीके की उम्मीद में रुपये में आज बढ़त देखने को मिली है। दरअसल सकारात्मक संकेतों से घरेलू शेयर बाजार में बढ़त आज भी जारी रही, वहीं निवेशकों के बीच विदेशों से निवेश बढ़ने की उम्मीदें भी मजबूत हुईं। बेहतर संकेतों की मदद से डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को 17 पैसे की मजबूती के साथ 74.74 पर बंद हुआ।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 74.79 के बढ़त के रुख के साथ खुला। दिन के कारोबार के दौरान रुपये में 74.73 के उच्चतम और 74.87 के निचले स्तर को छुआ और अंत में अपने पिछले बंद स्तर के मुकाबले 17 पैसे बढ़कर 74.74 पर बंद हुआ। रुपया सोमवार को डॉलर के मुकाबले 74.91 पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत गिरकर 95.80 पर पहुंच गया।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार के सकारात्मक रुख, विदेशी पूंजी की आमद और कोविड-19 टीके की उम्मीद ने रुपये को सहारा दिया। वैज्ञानिकों ने सोमवार को घोषणा की थी कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय का कोरोना वायरस टीका सुरक्षित लग रहा है और ये शरीर के भीतर एक मजबूत प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया को पैदा करता है। भारत में एम्स-दिल्ली ने सोमवार को देश में विकसित किए जा रहे कोविड-19 टीके ‘कोवैक्सीन’ के मानवीय परीक्षणों के लिए स्वयंसेवकों की भर्ती शुरू की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा