1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट, 8 पैसे कमजोर होकर 72.43 पर बंद

डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट, 8 पैसे कमजोर होकर 72.43 पर बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Feb 25, 2021 08:56 pm IST,  Updated : Feb 25, 2021 08:56 pm IST

आज की कमजोरी से पहले डॉलर के मुकाबले रुपये में लगातार 4 दिन की बढ़त देखने को मिली थी। इस दौरान रुपया 72.74 के स्तर से सुधर कर 72.35 के स्तर पर आ गया। फरवरी की शुरुआत में रुपया 72.96 प्रति डॉलर के स्तर पर था।

डॉलर के मुकाबले रुपये...- India TV Hindi
डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी Image Source : PTI

नई दिल्ली। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी देखने को मिली है। दिन के कारोबार के अंत में रुपया प्रति डॉलर विनिमय दर आठ पैसे की गिरावट के साथ 72.43 पर बंद हुई। अंतरबैंक विदेशी विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 72.35 पर खुलने के बाद अंत में पिछले बंद भाव के मुकाबले आठ पैसे की गिरावट के साथ 72.43 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान डालर 72.34 से 72.53 रुपये के बीच रहा। यानि दिन के दौरान इसमें 19 पैसे के दायरे में कारोबार देखने को मिला। वहीं बुधवार को बाजार बंद होने के समय विनिमय दर 72.35 प्रति डॉलर पर थी।

डॉलर के साथ ही आज रुपये में पाउंड, यूरो और येन के मुकाबले भी गिरावट देखने को मिली है। पाउंड के मुकाबले रुपया 0.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 102.54 रुपये प्रति पाउंड पर, यूरो के मुकाबले 0.21 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 88.17 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं येन के मुकाबले रुपये में मामूली कमजोरी देखने को मिली है। आज की कमजोरी से पहले डॉलर के मुकाबले रुपये में लगातार 4 दिन की बढ़त देखने को मिली थी। इस दौरान रुपया 72.74 के स्तर से सुधर कर 72.35 के स्तर पर आ गया। फरवरी की शुरुआत में रुपया 72.96 प्रति डॉलर के स्तर पर था। वहीं साल के शुरुआत में रुपया 73.07 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर रहा था।

वहीं आज छह प्रमुख मुद्राओं के समक्ष डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 89.77 रह गया। बंबई शेयर बाजार बीएसई-30 सूचकांक 257.62 अंक की तेजी के साथ 51,039.31 अंक पर बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे जिन्होंने बुधवार को 28,739.17 करोड़ रुपये के शेयरों की लिवाली की। वैश्विक मानक ब्रेंट क्रूड वाायदा का भाव 0.42 प्रतिशत की तेजी के साथ 67.32 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा