1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. मौद्रिक समीक्षा से पहले सेंसेक्स 113 अंक चढ़ा, रिलायंस में रहा खरीदारी का जोर

मौद्रिक समीक्षा से पहले सेंसेक्स 113 अंक चढ़ा, रिलायंस में रहा खरीदारी का जोर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Feb 04, 2019 07:30 pm IST,  Updated : Feb 04, 2019 07:30 pm IST

सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 3.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,291.15 रुपए पर पहुंच गया।

sensex- India TV Hindi
sensex Image Source : SENSEX

मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में उछाल तथा रिजर्व बैंक की द्विमासिक मौद्रिक समीक्षा से पहले विदेशी निवेशकों की लिवाली से सोमवार को बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से उबरकर 113 अंक लाभ में बंद हुआ। 

कारोबार के दौरान बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 400 अंक ऊपर नीचे हुआ। कारोबार के दौरान इसने 36,225.48 अंक का निचला स्तर छुआ। यह 36,622.77 अंक के उच्चस्तर तक गया। अंत में सेंसेंक्स 113.31 अंक या 0.31 प्रतिशत के लाभ के साथ 36,582.74 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 18.60 अंक या 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 10,912.25 अंक पर पहुंच गया। 

सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 3.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,291.15 रुपए पर पहुंच गया। अन्य कंपनियों में ओएनजीसी, बजाज ऑटो, कोटक बैंक, टीसीएस, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, मारुति, एचडीएफसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर 3.03 प्रतिशत तक लाभ में रहे। वहीं पावरग्रिड, यस बैंक, एनटीपीसी, सनफार्मा, एमएंडएम, आईटीसी, एलएंडटी और बजाज फाइनेंस के शेयर 3.13 प्रतिशत तक नीचे आए। 

कारोबारियों ने कहा कि रिजर्व बैंक की मौद्रिक समीक्षा बैठक मंगलवार से शुरू हो रही है इसकी वजह से बाजार में सतर्कता का रुख था। लेकिन रिलायंस इंडस्ट्रीज में भारी लिवाली से सेंसेक्स लाभ में बंद हुआ। वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख से यहां लाभ सीमित रहा। 

बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप में 1.17 प्रतिशत तक का नुकसान रहा। इस बीच, अंतर बैंक विदेशी विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 43 पैसे की गिरावट के साथ 71.68 प्रति डॉलर पर चल रहा था। ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 1.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 63.52 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। 

इस बीच, शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 1,315.89 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 5.07 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा