1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सप्‍ताह के आखिरी कारोबारी दिन में सेंसेक्स 160 अंक चढ़ा, निफ्टी 47 अंक हुआ मजबूत

सप्‍ताह के आखिरी कारोबारी दिन में सेंसेक्स 160 अंक चढ़ा, निफ्टी 47 अंक हुआ मजबूत

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 12, 2019 07:08 pm IST,  Updated : Apr 12, 2019 07:08 pm IST

सेंसेक्स की कंपनियों में आईटीसी का शेयर सबसे अधिक 3.14 प्रतिशत बढ़ा है।

bse sensex- India TV Hindi
bse sensex Image Source : BSE SENSEX

मुंबई। एफएमसीजी, वाहन और बैंकिंग शेयरों में लाभ से शुक्रवार को बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 160 अंक चढ़ गया। वृहद आर्थिक आंकड़ों तथा कंपनियों के तिमाही नतीजों से पहले बाजार में तेजी का रुख रहा। 

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान 200 अंक तक चढ़ने के बाद अंत में 160.10 अंक या 0.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 38,767.11 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 46.75 अंक या 0.40 प्रतिशत बढ़कर 11,643.45 अंक पर बंद हुआ। 

सेंसेक्स की कंपनियों में आईटीसी का शेयर सबसे अधिक 3.14 प्रतिशत बढ़ा है। मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक, हीरो मोटोकॉर्प, वेदांता, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज ऑटो और पावर ग्रिड के शेयर 2.13 प्रतिशत तक चढ़ गए। 

वहीं दूसरी ओर भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, एचसीएल टेक और ओएनजीसी में 1.71 प्रतिशत तक का नुकसान रहा। आईटी कंपनी इन्फोसिस का शेयर 0.63 प्रतिशत लाभ में रहा। टीसीएस में 0.26 प्रतिशत की गिरावट आई। 

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि निवेशकों की निगाह कंपनियों के तिमाही नतीजों के सीजन पर है, ऐसे में रुपये में कमजोरी के बावजूद बाजार का रुख सकारात्मक रहा। इस बीच, शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 476.51 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 16.58 करोड़ रुपए की बिकवाली की। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा