1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 41 हजार से नीचे बंद हुआ सेंसेक्स, निफ्टी 94 अंक टूटा, फार्मा और मेटल सेक्टर में गिरावट

41 हजार से नीचे बंद हुआ सेंसेक्स, निफ्टी 94 अंक टूटा, फार्मा और मेटल सेक्टर में गिरावट

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jan 30, 2020 04:19 pm IST,  Updated : Jan 30, 2020 04:19 pm IST

सेंसेक्स 285 अंक गिरकर 40914 पर और निफ्टी 94 अंक गिरकर 12036 पर बंद

Stock Market- India TV Hindi
Stock Market
गुरुवार के कारोबार में भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ है। बजट हफ्ते के 4 कारोबारी सत्रों के दौरान ये तीसरा सत्र है जब बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ।  सेंसेक्स आज 285 अंक गिरकर 40914 पर और निफ्टी 94 अंक गिरकर 12036 पर बंद हुआ। प्रमुख सूचकांक में गिरावट हैवीवेट स्टॉक्स में बिकवाली की वजह से दर्ज हुई।  
 
आज के कारोबार में चौतरफा गिरावट देखने को मिली है। एनएसई पर सभी सेक्टर इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा नुकसान फार्मा सेक्टर में दर्ज हुआ, सेक्टर इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ है। वहीं एफएमसीजी, मेटल और सरकारी बैंकों के इंडेक्स 1 फीसदी से ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुए हैं। रियल्टी और ऑटो सेक्टर में 0.4 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स में शामिल 22 स्टॉक गिरावट के साथ बंद हुए हैं। सेंसेक्स शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रिलायंस इंडस्ट्रीज में देखने को मिली है, स्टॉक 2.5 फीसदी से ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुआ। 
 
बाजार में गिरावट रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस और इंफोसिस जैसे हैवीवेट शेयरों में गिरावट की वजह से देखने को मिली है।  इसके साथ ही यूरोपियन मार्केट से मिले संकेतों से भी बाजार पर दबाव बढ़ा। चीन के वायरस संकट की वजह से यूरोपीय बाजार में गिरावट देखने को मिली है। वहीं एशियाई बाज़ार भी 7 हफ्तों के निचले स्तरों के करीब पहुंच गए हैं। 
 
गिरावट के बीच बीएसई पर 80 स्टॉक ऐसे भी रहे जिन्होने आज के कारोबार में साल का नया उच्चतम स्तर छुआ। इसमे बजाज फाइनेंस, बर्जर पेंट्स, कोरोमंडल इंटरनेशनल, क्रॉम्पटन ग्रीव्स, ऐवेन्यु सुपरमार्ट्स, एस्कॉर्ट्स, इंद्रप्रस्थ गैस, आईआरसीटीसी, पिडिलाइट इंडस्ट्रीज और पीवीआर शामिल हैं। वहीं 84 स्टॉक आज के कारोबार में साल के निचले स्तर पर पहुंचे ।
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा