Saturday, January 17, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सेंसेक्स, निफ्टी नए रिकार्ड स्तर पर; रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस में तेजी

सेंसेक्स, निफ्टी नए रिकार्ड स्तर पर; रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस में तेजी

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 166.96 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 58,296.91 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय रिकार्ड 58,515.85 अंक तक चला गया था।

Edited by: India TV Paisa Desk
Published : Sep 06, 2021 05:01 pm IST, Updated : Sep 06, 2021 05:01 pm IST
सेंसेक्स, निफ्टी नए रिकार्ड स्तर पर; रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस में तेजी- India TV Paisa

सेंसेक्स, निफ्टी नए रिकार्ड स्तर पर; रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस में तेजी

मुंबई: शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला सोमवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में भी जारी रहा। बीएसई सेंसेक्स 167 अंक की मजबूती के साथ अब तक के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। सकारात्मक वैश्विक रुख और विदेशी पूंजी प्रवाह जारी रहने के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज और इन्फोसिस में तेजी से बाजार को मजबूती मिली।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 166.96 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 58,296.91 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय रिकार्ड 58,515.85 अंक तक चला गया था। सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ लाभ में एचसीएल टेक का शेयर रहा। इसके अलावा इन्फोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, बजाज ऑटो और महिंद्रा एंड महिंद्रा में प्रमुख रूप से तेजी रही। दूसरी तरफ, गिरावट वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक कोटक बैंक, पावर ग्रिड, सन फार्मा, एशियन पेंट्स शामिल हैं। 

आनंद राठी शेयर्स एंड ब्रोकर्स के इक्विटी शोध प्रमुख (बुनियादी) नरेंद्र सोलंकी ने कहा, ‘‘एशिया के अन्य बाजारों में सकारात्मक रुख का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा। इसका कारण अमेरिका में अगस्त महीने में रोजगार सृजन में कमी से फेडरल रिजर्व द्वारा मौद्रिक नीति को कड़ा किये जाने की संभावना हल्की हुई है। केंद्रीय बैंक के चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने कहा था कि फेडरल रिजर्व के बांड खरीद कार्यक्रम में कमी के लिये जरूरी है कि लोगों को बड़ी संख्या में रोजगार मिले।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘दोपहर कारोबार के दौरान बाजार में सकारात्मक रुख बना रहा। इसका कारण मजबूत वैश्विक रुख के बीच विदेशी पूंजी प्रवाह जारी रहने तथा घरेलू आर्थिक गतिविधियों में तेजी से कारोबारियों को प्रोत्साहन मिला।’’ एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई, सियोल, टोक्यो और हांगकांग अच्छे-खासे लाभ में बंद हुए।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर कारोबार में सकारात्मक रुख रहा। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.80 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72.03 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। शेयर बाजार में उपलब्ध आंकड़े के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक सप्ताहांत शुक्रवार को पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने 768.58 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement