1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. वायदा एवं विकल्प अनुबंधों के निपटान के चलते शेयर बाजार में रहा उतार-चढ़ाव, सेंसेक्स 297 अंक टूटा

वायदा एवं विकल्प अनुबंधों के निपटान के चलते शेयर बाजार में रहा उतार-चढ़ाव, सेंसेक्स 297 अंक टूटा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Dec 26, 2019 04:29 pm IST,  Updated : Dec 26, 2019 04:29 pm IST

चीन का शंघाई, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए।

Sensex tanks 297 pts on F&O expiry- India TV Hindi
Sensex tanks 297 pts on F&O expiry

मुंबई। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 297 अंक टूट गया। दिसंबर के डेरिवेटिव अनुबंधों के निपटान के दिन सेंसेक्स की बड़ी कंपनियों रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गिरावट से बाजार नीचे आया। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान एक समय 328.37 अंक तक नीचे आ गया था। अंत में यह 297.50 अंक या 0.72 प्रतिशत के नुकसान से 41,163.76 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 41,132.89 अंक तक नीचे आया।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 88 अंक या 0.72 प्रतिशत के नुकसान से 12,126.55 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल में सबसे अधिक 2.23 प्रतिशत की गिरावट आई। रिलायंस इंडस्ट्रीज, एलएंडटी, सनफार्मा, एचडीएफसी बैंक, मारुति, टाइटन और कोटक बैंक के शेयर भी नुकसान में रहे। दूसरी ओर ओएनजीसी, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 1.63 प्रतिशत तक चढ़ गए।

कारोबारियों ने कहा कि दिसंबर के वायदा एवं विकल्प अनुबंधों के निपटान की वजह से बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। इसके अलावा वर्ष समाप्त होने से पहले छुट्टियों की वजह से भी बाजार में निवेशकों की भागीदारी कम हुई है।

चीन का शंघाई, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। अंतर बैंक विदेशी विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 71.27 प्रति डॉलर पर स्थिर रुख के साथ चल रहा था। ब्रेंट वायदा 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 67.42 डॉलर प्रति बैरल पर था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा