1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सेंसेक्स 269 अंक चढ़कर 36,000 अंक के पार, निफ्टी ने छुआ 10,859 का स्‍तर

सेंसेक्स 269 अंक चढ़कर 36,000 अंक के पार, निफ्टी ने छुआ 10,859 का स्‍तर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Dec 28, 2018 05:14 pm IST,  Updated : Dec 28, 2018 05:14 pm IST

रुपए में सुधार के बीच विदेशी पूंजी निवेश बढ़ने से शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी का रुख रहा। शुक्रवार को सेंसेक्स करीब 270 अंक चढ़कर 36,000 अंक के पार पहुंच गया।

senesx- India TV Hindi
senesx Image Source : SENESX

मुंबई। रुपए में सुधार के बीच विदेशी पूंजी निवेश बढ़ने से शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी का रुख रहा। शुक्रवार को सेंसेक्स करीब 270 अंक चढ़कर 36,000 अंक के पार पहुंच गया। 

बंबई शेयर बाजार का 30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान 400 अंक तक चढ़ गया। कारोबार की समाप्ति पर यह 269.44 अंक यानी 0.75 प्रतिशत चढ़कर 36,076.72 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार 50 कंपनियों के शेयरों पर आधारित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 80.10 अंक यानी 0.74 प्रतिशत बढ़कर 10,859.90 अंक पर बंद हुआ। 

इस सप्ताह के दौरान सेंसेक्स में कुल 334.65 अंक और निफ्टी में 105.9 अंक की बढ़त दर्ज की गई है। शुक्रवार को सेंसेक्स में शामिल सन फार्मा, बजाज फाइनेंस, वेदांता, येस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, टाटा मोटर्स, एचसीएल टेक, इंडसइंड बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे। इनमें 2.98 प्रतिशत तक की बढ़त देखी गई। दूसरी तरफ टीसीएस, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, भारती एयरटेल, पावरग्रिड और इंफोसिस के शेयरों में 0.70 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। 

आरंभिक आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 1,731.91 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 663 करोड़ रुपए के शेयरों की बिकवाली की। इसी बीच डॉलर के मुकाबले रुपया 37 पैसे चढ़कर 69.98 रुपए प्रति डॉलर पर चल रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा