1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में दिखी रिकवरी, सेंसेक्स 232 अंक की बढ़त के साथ बंद

शेयर बाजार में दिखी रिकवरी, सेंसेक्स 232 अंक की बढ़त के साथ बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : May 06, 2020 03:39 pm IST,  Updated : May 06, 2020 03:49 pm IST

वित्तीय सेवा और निजी बैंकों के स्टॉक में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज हुई

Stock Market today- India TV Hindi
Stock Market today

नई दिल्ली। शेयर बाजार में आज उतार चढाव के बीच शानदार रिकवरी देखने को मिली है। दिग्गज शेयरों में खरीद की वजह से प्रमुख इंडेक्स आज आखिरी आधे घंटे में रिकवर होकर करीब 0.7 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए हैं। आज के कारोबार में सेंसेक्स 232 अंक की बढ़त के साथ 31686 पर और निफ्टी 65 अंक की बढ़त के साथ 9271 के स्तर पर बंद हुआ है।

आज के कारोबार में तेज गिरावट के साथ तेज रिकवरी का रुख बना रहा । कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स करीब 125 अंक की बढ़त के साथ खुला। हालांकि खुलने के साथ ही बाजार दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शुरुआती कारोबार के साथ करीब 300 अंक की गिरावट देखने को मिली। दिन के निचले स्तर पर पहुंचने के साथ बाजार में एक बार फिर बढ़त का रुख देखने को मिला और सेंसेक्स अपने निचले स्तरों से 812 अंक रिकवर हो गया। कारोबार के आखिरी डेढ़ घंटे के साथ बाजार में फिर तेज गिरावट देखने को मिली और सेंसेक्स करीब 350 अंक टूटकर लाल निशान में आ गया। हालांकि बाजार में एक बार फिर रिकवरी देखने को मिली और सेंसेक्स और निफ्टी आज सम्मानजनक बढ़त के साथ बंद हुए

आज के कारोबार में निजी क्षेत्र के बैंकों और वित्तीय सेवाएं देने वाली कंपनियों में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज हुई है। एनएसई पर निजी बैंकों का इंडेक्स 2.47 फीसदी बढ़कर बंद हुआ है। वहीं फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर इंडेक्स में भी 2.57 फीसदी की बढ़त रही। हालांकि सरकारी बैंकों के इंडेक्स में 0.88 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। फार्मा में 0.5 फीसदी, मेटल में 0.25 फीसदी और आईटी में 0.05 फीसदी की बढ़त रही। दूसरी तरफ एफएमसीजी सेक्टर इंडेक्स 1.87 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा