धनतेरस से पहले शेयर बाजार में निवेशकों के चेहरे खिल उठे। गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी लगातार छठे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स ने 2,000 अंकों से ज्यादा की छलांग लगाई, जबकि निफ्टी भी 24,500 के अहम स्तर के पार पहुंच गया। खास बात यह रही कि बाजार की इस तेजी में बैंकिंग, ऑटो और फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों ने सबसे ज्यादा दम दिखाया।
कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 2,008.61 अंक यानी 2.60 फीसदी की तेजी के साथ 79,310.01 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 576 अंक यानी 2.40 फीसदी चढ़कर 24,536.60 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में खरीदारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुल 2,775 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,329 शेयरों में गिरावट रही। 147 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।
ऑटो और बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा जोश
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी ऑटो में सबसे ज्यादा 4.14 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 3.99 फीसदी, निफ्टी प्राइवेट बैंक 3.44 फीसदी, निफ्टी बैंक 3.33 फीसदी और निफ्टी पीएसयू बैंक 3.13 फीसदी चढ़ा। इसके अलावा रियल्टी इंडेक्स में 3.52 फीसदी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 2.32 फीसदी की बढ़त रही। आईटी इंडेक्स भी 2.42 फीसदी ऊपर बंद हुआ। हालांकि, बाजार की तेजी के बीच मीडिया इंडेक्स 0.84 फीसदी और एनर्जी इंडेक्स 0.34 फीसदी गिरावट के साथ बंद हुए। मेटल और फार्मा जैसे सेक्टरों में भी सीमित बढ़त देखने को मिली।
बजाज फाइनेंस ने लगाई सबसे बड़ी छलांग
निफ्टी के प्रमुख शेयरों में बजाज फाइनेंस 7.65 फीसदी चढ़कर सबसे आगे रहा। श्रीराम फाइनेंस में 6.08 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 5.59 फीसदी और मारुति सुजुकी में 5.48 फीसदी की तेजी आई। इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) 5.43 फीसदी और आईसीआईसीआई बैंक 5.33 फीसदी चढ़ा। दूसरी ओर, अपोलो हॉस्पिटल्स 2.66 फीसदी गिरकर सबसे ज्यादा नुकसान वाले शेयरों में रहा। ओएनजीसी, एनटीपीसी, कोल इंडिया और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी
बड़ी कंपनियों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 1.8 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.6 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। लगातार छठे सत्र की तेजी ने बाजार में सकारात्मक माहौल बनाए रखा।