1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock market : Sensex में 250 अंक से ज्यादा की बढ़त, Infosys के शेयर पांच प्रतिशत चढ़े

Stock market : Sensex में 250 अंक से ज्यादा की बढ़त, Infosys के शेयर पांच प्रतिशत चढ़े

 Written By: India TV Business Desk
 Published : Jul 15, 2019 09:57 am IST,  Updated : Jul 15, 2019 11:20 am IST

देश के शेयर बाजार कारोबारी सप्ताह के पहले दिन आज सोमवार को मजबूती के साथ खुले।

Today Stock market on 15 July 2019 bse sensex nse nifty update- India TV Hindi
Today Stock market on 15 July 2019 bse sensex nse nifty update

मुंबई। देश के शेयर बाजार कारोबारी सप्ताह के पहले दिन आज सोमवार को मजबूती के साथ खुले। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच इन्फोसिस जैसी दिग्गज कंपनी के शेयरों में भारी उछाल के बाद सोमवार को शुरुआती कारोबार में एक समय में बीएसई सेंसेक्स में 250 अंक से अधिक की बढ़त देखी गयी। 

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सुबह 273.72 अंकों की मजबूती के साथ 39,009.95 अंक के स्तर पर था। जबकि एनएसई का  निफ्टी 62.25 अंकों की बढ़त के साथ 11,614.75 पर खुला। शुरुआती कारोबार में बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सुबह 9.41 बजे 95.96 अंकों की मजबूती के साथ 38,832.19 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी लगभग इसी समय 17.55 अंकों की बढ़त के साथ 11,570.05 पर कारोबार करते देखे गए।

सूचना-प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी इन्फोसिस के जून तिमाही के परिणाम उम्मीदों से बेहतर रहने के कारण सोमवार को कंपनी के शेयरों में पांच प्रतिशत से अधिक की उछाल देखने को मिली। 

कंपनी ने शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के परिणाम जारी किये थे, जिसमें कंपनी ने शुद्ध लाभ में 5.3 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की थी। इसी तरह येस बैंक, सन फार्मा, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज ऑटो के शेयर भी 3.88 प्रतिशत तक चढ़ गए। 

वहीं, एलएंडटी, वेदांता, हीरो मोटोकॉर्प, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी और पावरग्रिड के शेयरों में 1.10 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। 

कारोबारियों ने कहा कि इन्फोसिस शेयरों में उछाल के साथ ही सकारात्मक वैश्विक संकेतों से भी निवेशकों की धारणा को मजबूती मिली। बाजार आज जारी किये जाने वाले थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) की भी प्रतीक्षा कर रहा है। 

इससे पहले शुक्रवार को सेंसेक्स 86.88 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38,736.23 अंक और निफ्टी 30.40 अंक या 0.26 फीसदी टूटकर 11,552.50 अंक पर बंद हुआ था। वहीं शेयर बाजारों के पास उपलब्ध अस्थायी आंकड़े के मुताबिक शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 850.11 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 940.12 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। 

अन्य एशियाई बाजारों की बात करें तो शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स, हांग सेंग, निक्की और कोस्पी में शुरुआती सत्र में बढ़त देखने को मिली। 

Rupee Vs Dollar
Rupee Vs Dollar

शुरुआती कारोबार में रुपया 16 पैसे मजबूत 

घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और तेल की कीमतों में नरमी के बीच शुरुआती कारोबार में सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 16 पैसे मजबूत होकर 68.53 के स्तर पर खुला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 68.59 के स्तर पर बढ़त के साथ खुला और बाद में पिछले बंद के मुकाबले और मजबूत होकर 68.53 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ। 

शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 68.69 के स्तर पर बंद हुआ था। विदेशी कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी एवं घरेलू शेयर बाजार की सकारात्मक शुरुआत से रुपये को समर्थन मिला। हालांकि, विदेशी मुद्रा की निकासी से घरेलू मुद्रा की बढ़त सीमित रही। इसी बीच ब्रेंट कच्चा तेल वायदा भाव 0.12 प्रतिशत गिरकर 66.64 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा