1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सिर्फ 1 दिन में ₹9.41 लाख करोड़ का मुनाफा, निवेशकों की संपत्ति में दर्ज की गई बंपर बढ़ोतरी

सिर्फ 1 दिन में ₹9.41 लाख करोड़ का मुनाफा, निवेशकों की संपत्ति में दर्ज की गई बंपर बढ़ोतरी

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Apr 15, 2026 08:10 pm IST,  Updated : Apr 15, 2026 08:10 pm IST

आज कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 1,422.85 अंकों (1.85 प्रतिशत) की तेजी के साथ 78,270.42 अंकों तक पहुंच गया था।

investors wealth, investors net worth, bse, bse listed companies, bse market cap, market cap, bse li- India TV Hindi
निवेशकों की संपत्ति में 9,41,461.6 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी Image Source : PTI

अमेरिका और ईरान के बीच नई कूटनीतिक कोशिशों की उम्मीद के बीच बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। आज की इस तेजी के कारण निवेशकों की संपत्ति में 9.41 लाख करोड़ रुपये का भारी उछाल दर्ज किया गया है। बुधवार को बाजार ने लगभग 1.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ कारोबार की शुरुआत की थी और लगभग इसी तेजी के साथ कारोबार बंद भी किया। आज बीएसई सेंसेक्स 1263.67 अंकों (1.64 प्रतिशत) की तेजी के साथ 78,111.24 अंकों पर बंद हुआ। जबकि, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स भी आज 388.65 अंक (1.63 प्रतिशत) बढ़कर 24,231.30 अंकों पर बंद हुआ।

निवेशकों की संपत्ति में 9,41,461.6 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी

बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में आई इस तेजी के बाद बीएसई पर लिस्ट कंपनियों का मार्केट कैप 9,41,461.6 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 4,58,55,016.77 करोड़ रुपये (4,910 अरब डॉलर) हो गया। इसका सीधा मतलब ये हुआ कि शेयर बाजार निवेशकों की संपत्ति में आज 9,41,461.6 करोड़ रुपये की भारी बढ़ोतरी हुई है। बताते चलें कि आज कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 1,422.85 अंकों (1.85 प्रतिशत) की तेजी के साथ 78,270.42 अंकों तक पहुंच गया था। हालांकि, अंत में ये अपने इंट्राडे हाई से मामूली गिरावट के साथ 78,111.24 अंकों पर बंद हुआ।

सोना और चांदी के भाव में भी दर्ज की गई बंपर तेजी

मिडिल-ईस्ट में तनाव कम होने की उम्मीदों के बीच जहां एक तरफ शेयर बाजार में भारी तेजी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर, आज सोने और चांदी की कीमतों में भी बंपर बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 11,800 रुपये (4.81 प्रतिशत) की तेज बढ़त के साथ 2,57,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। सोमवार को चांदी का भाव गिरावट के साथ 2,45,200 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुआ था। इसके अलावा, आज सोने का भाव भी 3,000 रुपये (लगभग 2 प्रतिशत) की तेजी के साथ 1,58,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो सोमवार को 1,55,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा