1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. क्या आज शेयर बाजार में ​फिर मचेगा कोहराम? अमेरिकी मार्केट में बड़ी गिरावट का दिख सकता है असर, जानें क्या करें

क्या आज शेयर बाजार में ​फिर मचेगा कोहराम? अमेरिकी मार्केट में बड़ी गिरावट का दिख सकता है असर, जानें क्या करें

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Apr 07, 2025 06:43 am IST,  Updated : Apr 07, 2025 11:47 am IST

मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि अगर आप छोटे निवेशक हैं तो अभी बाजार से दूर रहना बेहतर होगा। कोई भी नया निवेश नहीं करें।

Share Market - India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : FILE

भारतीय शेयर बाजार निवेशकों के लिए आज काफी चैलेंजिंग दिन होने वाला है। मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि अमेरिकी शेयर बाजार में आए बवंडर के बाद घरेलू शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ खुल सकते हैं। चीन द्वारा अमेरिकी सामान पर नए टैरिफ लगाने के बाद वॉल स्ट्रीट में लगातार दूसरे सत्र में गिरावट देखी गई। आज भी अमेरिकी शेयर वायदा में गिरावट से वॉल स्ट्रीट में फिर बड़ी गिरावट के संकेत मिल रहे हैं। इसका असर आज भारतीय बाजार पर होने की पूरी संभावना है। ट्रेड वॉर छिड़ने के बाद मंदी की चिंताओं के कारण दुनियाभर के बाजारों में बिकवाली शुरू हुई है।

कहां तक टूट सकता है बाजार?

बाजार एक्सपर्ट के अनुसार, सोमवार के कारोबार के दौरान निफ्टी 50 22,500 तक गिर सकता है। टेक्निकल रूप से, निफ्टी 50 सभी मूविंग एवरेज सपोर्ट से नीचे आ गया है, जो आगे और गिरावट की संभावना को दर्शाता है। सपोर्ट 22,600 पर है। ऊपर की ओर, किसी भी रिकवरी को 23,100-23,400 क्षेत्र में कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ सकता है। दिलचस्प बात यह है कि बैंकिंग इंडेक्स मजबूती दिखा रहा है और बेहतर प्रदर्शन करना जारी रख सकता है। इसे 50,700 पर तत्काल समर्थन है, जबकि 50,000 के आसपास मजबूत सपोर्ट है। 

काफी उतार-चढ़ाव रहने की आशंका

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि इस सप्ताह अमेरिकी जवाबी शुल्क की चिंता और क्षेत्र आधारित विशेष शुल्क की घोषणा की संभावना के बीच भारतीय बाजार में काफी उतार-चढ़ाव रहने की आशंका है। उन्होंने कहा, इसके अलावा, 9 अप्रैल को आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक के नतीजों की घोषणा होगी। बाजार रेपो दर में चौथाई प्रतिशत की कटौती की उम्मीद कर रहा है। 10 अप्रैल को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के साथ कंपनियों के चौथी तिमाही के नतीजों के सत्र की शुरुआत होगी। ये सारे फैक्टर्स बाजार पर असर डालेंगे। 

क्या करें रिटेल निवेशक?

मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि अगर आप छोटे निवेशक हैं तो अभी बाजार से दूर रहना बेहतर होगा। कोई भी नया निवेश नहीं करें। मिड कैप और स्मॉल कैप स्टॉक में निवेश से बचें। बाजार स्थिर होने का इंतजार करें। हां, बाजार की इस गिरावट में अपनी पसंद की स्टॉक को छांटने का काम करें। जब यह बवंडर थमेगा तो निवेश करना शुरू करें। अगर म्यूचुअल फंड में सिप के जरिये निवेश करते हैं तो जारी रखें। यह मौका अधिक यूनिट्स पाने का है। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा